नैनीताल: बिना होटल व पार्किंग बुकिंग के आने वाले पर्यटकों की 30 से होगी घेराबंदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। इस बार थर्टी फर्स्ट व नववर्ष पर बिना होटल व पार्किंग बुकिंग नैनीताल आने वाले पर्यटकों की 30 दिसंबर से घेराबंदी शुरू जाएगी। क्रिसमस पर्व की तरह थर्टी फर्स्ट के लिए भी यातायात प्लान लागू होगा। नैनीताल में वाहनों का दबाव बढ़ने पर बाइकर्स भी शटल सेवा से आएंगे। 

एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र, सीओ नैनीताल विभा दीक्षित व यातायात निरीक्षक आदेश कुमार के अनुसार क्रिसमस पर जो पूर्व में रूट प्लान तैयार किया गया था, थर्टी फर्स्ट पर भी वही प्लान लागू रहेगा। इस प्लान के तहत पार्किंग उपलब्ध होने पर नैनीताल शहर में पर्यटकों के वाहन बगैर किसी रोक-टोक के किसी भी निर्धारित मार्ग से आ सकेंगे।

मेट्रोपोल, अशोका व डीएसए पार्किंग में 900 से 1000 वाहन पार्क किए जा सकेंगे। डीएसए, मेट्रोपोल व अशोका पार्किंग 70 प्रतिशत भर जाने पर वाहनों को सूखाताल पार्किंग एवं कुमाऊं मण्डल विकास निगम पार्किंग में पार्क किया जाएगा। नैनीताल में सभी पार्किंग 70 प्रतिशत भर जाएगी तब भवाली से नैनीताल आने वाले वाहनों को मस्जिद तिराहा भवाली से बैंड नंबर 01 को डायवर्ट कर रूसी बाईपास हल्द्वानी रोड पर पार्क किया जाएगा तथा यहां से पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से नैनीताल भेजा जाएगा।

कालाढूंगी की ओर से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को रूसी बाईपास कालाढूंगी रोड एवं नारायण नगर पार्किंग में पार्क करवाकर शटल सेवा के माध्यम से नैनीताल भेजा जाएगा। नैनीताल शहर में पर्यटकों के वाहनों का दबाव होगा तो नैनीताल तिराहा कालाढूंगी एवं भीमताल तिराहा काठगोदाम में वाहनों की चेकिंग प्रारंभ करते हुए भीमताल, भवाली व अल्मोड़ा जाने वाले पर्यटकों को नैनीताल तिराहा कालाढूंगी से होते हुए मंगोली रूसी 1 से रूसी 2 होते हुए बैंड नं 1 से भवाली अल्मोड़ा भेजा जाएगा।

नैनीताल तिराहा कालाढूंगी से नैनीताल की ओर केवल केमू की बस व टेंपो ट्रैवलर आएंगी। शेष टूरिस्ट की बड़ी बसें नैनीताल तिराहा कालाढूंगी से ऊपर नहीं आएंगी। बारापत्थर से पंगोट रोड पर टेंपो ट्रैवलर नहीं जाएंगे, केवल हल्के चौपहिया वाहन को प्रवेश दिया जाएगा। नैनीताल शहर मे यातायात का दबाव फिर भी बढ़ता है तो नैनीताल आने वाले अन्य जनपदों के बाइकर्स को नैनीताल तिराहा कालाढूंगी व रानीबाग में रोका व पार्क कराया जायेगा वहां से पब्लिक ट्रांसपोर्ट के माध्यम से नैनीताल भेजे जाएंगे।

नैनीताल जू शटल के वाहनों को सेन्ट फ्रान्सिस चर्च के नीचे पार्क कराया जाएगा, वहां से इन वाहनों को बारी-बारी से जू को भेजा जाएगा। इंडिया होटल के पास किसी भी प्रकार के टैक्सी, जू शटल वाहन पार्क नहीं होंगे। इसके अलावा स्थानीय निवासियों को उनका आधार कार्ड चेक करने के बाद प्रवेश दिया जाएगा। 

नव वर्ष पर कैंची धाम में वाहनों का दबाव बढ़ने पर वन वे व्यवस्था रहेगी 
नैनीताल। कैंची धाम स्थित पार्किंग फुल हो जाने पर वाहनों को भवाली स्थित विभिन्न पार्किंग में पार्क कराकर पर्यटकों को शटल के माध्यम से कैंची भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर भारी वाहनों को क्वारब से डायवर्ट कर मोना होते हुए खुटानी को भेजा जाएगा। इसी प्रकार हल्द्वानी से आने वाले भारी वाहनों को खुटानी होते हुए क्वारब की तरफ भेजा जाएगा। यदि वाहनों का दबाव अत्यधिक रहता है तो हल्द्वानी से आने वाले वाहनों को वाया भीमताल, भवाली होते हुए कैंची भेजा जाएगा व वापसी हल्द्वानी जाने वाले वाहनों को भवाली चौराहा, गेठिया, ज्योलीकोट होते हुए हल्द्वानी भेजा जाएगा। इस प्रकार वन वे व्यवस्था रहेगी।

क्रिसमस पर्व के लिए बनाया गया यातायात प्लान थर्टी फर्स्ट  व नव वर्ष के लिए भी लागू रहेगा। नैनीताल में वाहनों का दबाव बढ़ने पर बाइकर्स भी शटल सेवा से आएंगे। थर्टी फर्स्ट व नव वर्ष के लिए अन्य जिलों से फोर्स की मांग की गई है। नैनीताल में यदि 30 दिसंबर को पार्किंग पैक होंगी तो वाहनों को नैनीताल से बाहर ही रोका जाएगा। 
-जगदीश चन्द्र, एसपी यातायात नैनीताल।

संबंधित समाचार