बाजपुर: फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव
बाजपुर, अमृत विचार। विवाहिता ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं मृतका के मायके वालों ने पति व अन्य ससुरालियों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है।
विकासखंड क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हरलालपुर निवासी पिंकी पत्नी अनोखे ने बुधवार की रात अज्ञात कारणों के चलते पंखे में फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी परिजनों में हड़कंप मच गया। शोर-शराबा हुआ तो आसपास के ग्रामीण भी एकत्र हो गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी। दोराहा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया। वहीं पंचनामा भरकर गुरुवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया जांच-पड़ताल में पारिवारिक कलह मौत की वजह सामने आ रही है, लेकिन सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही चल पाएगा। इधर घटना की जानकारी से मायके वालों में भी कोहराम मच गया और वह अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बेटी की मौत के लिए पति व ससुरालियों को जिम्मेदार ठहराया।
मृतका के तहेरे भाई डेरा कालोनी बाजपुर गांव निवासी प्रेमपाल पुत्र मंगल सैन ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि करीब 6 साल पहले पिंकी की शादी हरलालपुर निवासी अनोखे पुत्र भोजराज के साथ हुई थी। पति व अन्य ससुराल वाले दहेज के लिए परेशा एवं मारपीट करते थे। कुछ दिन पहले वह बीमार भी हुई थी तब मायके वालों ने ही उसका उपचार करवाया था। पिंकी अपने पीछे तीन बच्चे छोड़ गई है तथा वर्तमान समय में करीब सात माह के गर्भ से बताई जा रही है। वहीं समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था, अलबत्ता पुलिस ने अपने स्तर से जांच शुरू कर दी है।
