Unnao News: एसपी ऑफिस में खुद को आग लगाने वाले युवक की KGMU में मौत, परिजनों ने शव लाकर किया हंगामा
उन्नाव में एसपी आफिस में खुद को आग लगाने वाले युवक की मौत हो गई।
उन्नाव में पुरवा कोतवाली पुलिस की विरोधियों से साठगांठ से आजिज दलित युवक एसपी आफिस परिसर में खुद को आग के हवाले कर दिया था। जिसके बाद उसे केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में पुरवा कोतवाली पुलिस की विरोधियों से साठगांठ से आजिज दलित युवक ने बीते बुधवार ज्वलनशील पदार्थ डालकर एसपी आफिस परिसर में खुद को आग के हवाले कर दिया था। 75 फीसदी जल चुके युवक को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया था। जहां देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। लखनऊ पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
वहीं युवक की मौत के बाद परिजनों का पुलिस के प्रति गुस्सा भड़क गया। शव गांव पहुंचे इससे पहले परिजनों ने रोड जाम कर सीओ पुरवा को निलंबित करने और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर हंगामा शुरू कर दिया। एएसपी और एडीएम सहित कई थानों का फोर्स युवक के गांव में डटा है। वहीं शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मचा है।

पुरवा कोतवाली क्षेत्र के भूलेमऊ गांव निवासी राम स्वरूप का गांव निवासी मुमताज से जमीनी विवाद दीवानी कोर्ट में लंबित है। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद भी होता रहा है। बीती 18 अक्टूबर को मुमताज उसके बेटे सहित अन्य लोग विवादित स्थल पर कब्जा करने के लिए गए जहां विरोध करने पर मुमताज के पक्ष ने मारपीट शुरू की।
आरोप है कि इसमें कुल्हाड़ी के वार से रामस्वरूप के बेटे मूलचंद के सिर पर गंभीर चोट आई। भाई श्रीचंद की तहरीर पर पुरवा पुलिस ने एससीएसटी सहित अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की लेकिन इसके बाद 24 अक्टूबर को पुलिस ने दूसरे पक्ष की तहरीर पर राम स्वरूप सहित उनके बेटे पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। गंभीर धाराओं के बावजूद गिरफ्तारी न होने से आहत श्रीचंद अफसरों के चक्कर काट रहा था।
इसी बीच नवम्बर में मुमताज, अनीश सहित कुछ नाम विवेचना के दौरान बाहर हो गए। आरोप है श्रीचंद इसी से आहत होकर बीती 27 दिसंबर को एसपी आफिस पहुंचा और अपने आग लगा ली। उसने सीओ पुरवा पर गंभीर आरोप लगाए। गुरुवार देररात गंभीर झुलसे श्रीचंद की केजीएमयू में मौत हो गई। इसके बाद परिजनों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने पुरवा-अचलगंज रोड जाम कर दिया। इस पर कई थानों का फोर्स गांव भेजा गया।
करीब तीन घंटे तक परिजन सीओ पुरवा के निलंबन और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करते रहे। इसी बीच लखनऊ में पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव भी गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, एसपी ने सीओ पुरवा दीपक कुमार सिंह को पुरवा से हटाते हुए पुलिस कार्यालय से सम्बद्ध कर दिया। वहीं, कोेतवाली प्रभारी पुरवा सुरेश सिंह को हटाते हुए रिट सेल का प्रभारी सेल बनाया गया है। इसके बाद परिजन शांत हुए और जाम खुल सका।
यह भी पढ़ें- Fatehpur News: बड़ी घटना को बुलावा देते शहर में जर्जर पोल, बिजली विभाग कर रहा अनदेखी
