Fatehpur News: बड़ी घटना को बुलावा देते शहर में जर्जर पोल, बिजली विभाग कर रहा अनदेखी
फतेहपुर में बिजली के जर्जर पोल बड़ी घटना की चेतावनी दे रहे हैं।
शहर के कई मुख्य मार्गों पर लोहे के जर्जर पोल लगे हैं। उन्हीं पोल से कई घरों में बिजली सप्लाई के तार जुड़े हैं। बता दें कि पहले जर्जर पोल के टूटने से बड़ी अनहोनी हो चुकी है। इसके बाद भी विभाग लापरवाही बरत रहा है।
फतेहपुर, अमृत विचार। शहर के कई मुख्य मार्गों पर लोहे के जर्जर पोल लगे हैं। उन्हीं पोल से कई घरों में बिजली सप्लाई के तार जुड़े हैं। बता दें कि पहले जर्जर पोल के टूटने से बड़ी अनहोनी हो चुकी है। इसके बाद भी विभाग लापरवाही बरत रहा है। शुक्रवार को शहर का चक्कर लगाया गया तो ऐसे कई पोल सामने दिखे जो नीचे पूरी तरह से जर्जर अवस्था में हैं।
शहर के व्यस्ततम चौराहे सादीपुर के पास नहर कालोनी के सामने रोड किनारे एक लोहे का बिजली का पोल लगा है। पोल जमीन के पास से आधा जर्जर हो चुका है। उसी पोल से कई घरों व हाईटेंशन लाइन के तार जुड़े हैं। इसके साथ फाल्ट होने पर लाइनमैन उसी जर्जर पोल पर चढ़कर बनाते भी हैं। इस तरह जर्जर पोल को लेकर बिजली विभाग लापरवाह बना है। जबकि, जर्जर पोल से तीन माह पूर्व पीरनपुर में बड़ी घटना होते-होते टल चुकी है।
बता दें कि शहर के रानी कालोनी मार्ग, जिला अस्पताल से पत्थरकटा मार्ग समेत कई स्थान ऐसे हैं, जहां लोहे के यह पोल पूरी तरह से जर्जर हालत में हैं। इसके बाद बिजली विभाग को जर्जर पोल बदलने की याद नहीं आई। उसी तरह नासिरपुर के कई खंभे जर्जर हैं, लेकिन बिजली विभाग अनहोनी की राह देख रहा है। आबूनगर उपकेन्द्र एसडीओ एमएम सिद्दीकी ने बताया कि ऐसे पोल का टेंडर हो चुका है, ऐसे सभी पोल बदले जा रहे हैं।
