बरेली: 'इस बार सस्पेंड करो, अगली बार सीधे जेल भेजूंगा', निरीक्षण के दौरान ARRK पर गुस्साए डीएम
बरेली, अमृत विचार: डीएम रविंद्र कुमार शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में ही राजस्व अभिलेखागार का अचानक निरीक्षण करने पहुंचे जहां नकल नक्शा का रजिस्टर देखते ही उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। रजिस्टर में दर्ज विवरण से गोलमाल की कहानी साफ होने के बाद डीएम ने सवाल पर सवाल किए तो एआरआरके सुमित से हर सवाल का गोलमोल जवाब मिला। इस पर और नाराज हुए डीएम ने एआरआरके को सस्पेंड कर दिया। चेतावनी दी कि दोबारा इस तरह की गड़बड़ी मिली तो सीधे जेल भेज दिया जाएगा।
राजस्व अभिलेखागार से ही जिले भर के लोग राजस्व संबंधी दस्तावेजों नकल ले जाते हैं। डीएम ने निरीक्षण के दाैरान पाया कि जिन लोगों को पहले दस्तावेज दिए जाने चाहिए थे, उन्हें बाद में दिए गए और जो लोग बाद में आए उन्हें पहले। एआरआरके इसका सही कारण नहीं बता सके। पहले बोले कि यहां हाल ही में तैनाती हुई है, इसलिए ज्यादा पता नहीं है। कुछ देर बाद बताया कि 2017 से तैनाती है। डीएम ने इस पर एडीएम प्रशासन दिनेश से एआरआरके को चेतावनी पत्र जारी करने को कहा। बोले, अगली बार सस्पेंड किया जाएगा, फिर भी नहीं सुधरे तो सीधे जेल भेजेंगे।
रजिस्टर देखने के डीएम की निगाह अभिलेखागार में रखे दस्तावेजों के कचरे की तरह रखे गए बड़े गठ्ठरों पर गई। उन्होंने नाराजगी जताई तो एडीएम ने कम जगह होने को वजह बताया। निरीक्षण करके बाहर निकले डीएम ने एडीएम प्रशासन को एआरआरके सुमित के बारे में फीडबैक लेकर बताने को कहा। पता चला कि सुमित के खिलाफ पहले भी काफी शिकायतें रही हैं तो डीएम के आदेश पर एआरआरके को निलंबित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- बरेली: 25 से कम यात्रियों पर बसें दौड़ाने पर आरएम को नोटिस, सर्वे में खुली पोल
