उत्तराखंड: ठगी के आरोपों से घिरे सामिया इंटरनेशनल बिल्डर्स ग्रुप की मुश्किलें बढ़ीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जमीन की हुई मुनादी, 2.65 करोड़ की होगी वसूली, डीएम ने दिए आदेश, प्रशासन ने लगाया निशान

रुद्रपुर, अमृत विचार। प्लाट एवं फ्लैट के नाम पर ठगी के आरोपों में घिरे सामिया इंटरनेशनल बिल्डर्स ग्रुप की मुश्किलें बढ़ती जा रहीं हैं। करोड़ों रुपयों की आरसी कटने के बाद प्रशासन की टीम ने सामिया बिल्डर्स की दानपुर स्थित भूमि की मुनादी की और लाल निशान लगाकर अपने कब्जे में लिया। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रशासन जल्द ही भूमि की नीलामी कर करोड़ों की राजस्व वसूली कर सकता है।

बताते चलें कि काशीपुर हाईवे पर दानपुर के समीप स्थित सामिया इंटरनेशनल बिल्डर्स ग्रुप के मालिक एवं निदेशक पर करोड़ों की ठगी का आरोप लगा था। उसके बाद ग्रुप पर करोड़ों का राजस्व चोरी का आरोप भी लगने लगा था। राजस्व विभाग ने बिल्डर्स से 2.65 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली के लिए कई बार आरसी काटी और वसूली का आदेश दिया था। मगर राजस्व जमा नहीं हुआ और प्रशासन कागजी कार्रवाई करता रहा।

शुक्रवार को डीएम के आदेश पर एसडीएम मनीष बिष्ट और तहसीलदार दिनेश कुटौला राजस्व टीम के साथ सामिया लेक सिटी कॉलोनी पहुंचे और 1.7550 हेक्टेयर की भूमि पर लाल निशान लगाकर जब्तीकरण की कार्रवाई की। अधिकारियों ने प्रबंधन को हिदायत दी कि भूमि का क्रय या विक्रय करना गैरकानूनी होगा। प्रशासन की कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही भूमि की नीलामी कर करोड़ों की राजस्व वसूली की जा सकती है।

सामिया लेक सिटी की 2.68 करोड़ आरसी रेरा द्वारा जारी की गई है। उसकी वसूली करना प्रशासन व डीएम की जिम्मेदारी है। बिल्डर्स ने कुछ पैसा जमा किया था। मगर अभी पौने दो करोड़ रुपये बकाया हैं। लोगों का पैसा भुगतान नहीं करना गलत है। भूमि की पैमाइश की गई है। इस तरह की कॉलोनियों की जांच की जाएगी। सरकार के पैसे की भी रिकवरी होगी। अपने फायदे के लिए जनता के पैसे को बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी -उदयराज सिंह, जिलाधिकारी।

ये भी पढ़ें- उत्तराखंड: किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में भाजपा नेता पर मुकदमा

संबंधित समाचार