Etawah: नए साल पर इटावा सफारी पार्क में पर्यटकों के लिए खास इंतजाम, बढाई गई बसों की संख्या, इतने शेरों के होंगे दीदार
इटावा के सफारी पार्क में प्रशासन ने नए साल के अवसर पर पर्यटकों के लिए खास इंतजाम किए हैं।
इटावा के सफारी पार्क में प्रशासन ने नए साल के अवसर पर पर्यटकों के लिए खास इंतजाम किए हैं। पर्यटकों के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही लायन सफारी खोल दिया गया है, जिसमें पांच शेरों के दीदार कराए जाने की योजना बनाई गई है।
इटावा, अमृत विचार। इटावा सफारी पार्क में नए साल में पर्यटकों के लिए खास इंतजाम किए जा रहे है, ऐसी संभावना है कि पर्यटकों की संख्या नए साल में काफी बढ़ जाएगी। इसे देखते हुए बसो की संख्या बढ़ाई जा रही है तथा पांच शेरों के दीदार करने के इंतजाम किए जा रहे हैं। सफारी का आकर्षण बढ़ाया जा रहा है ताकि पर्यटक सफारी की तरफ और आकर्षित हो सके।
आमतौर पर नए साल में सफारी पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है इस बार नए साल से ठीक 1 दिन पहले 31 दिसंबर को रविवार है। इसलिए पूरी संभावना है कि 31 दिसंबर को हजारों की संख्या में पर्यटक सरकारी पहुंचेंगे। फिलहाल सफारी पहुंचने वाले पर्यटकों को पांच बसो से सफारी में घुमाया जाता है लेकिन पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए बसो की संख्या बढ़ाई जा रही है और सफारी में नए साल में पांच के स्थान पर सात बसें पर्यटकों को घूमने के लिए लगाई जा रही है।
यह व्यवस्था रविवार से ही लागू हो जाएगी। लायन सफारी को खोल दिया गया है और अभी बसे इस तरह से निकलती हैं कि शेर खुले में दौड़ते हैं और पर्यटक बंद गाड़ियों से उनका दीदार करते हैं।आमतौर पर तीन या चार शेरों के दीदार कराए जाते हैं लेकिन नए साल में पांच शेरों के दीदार कराए जाने की योजना बनाई गई है।
इसके साथ ही सफारी में आने वाली भीड़ के मद्देनजर सफारी प्रशासन ने पुलिस प्रशासन से भी अनुरोध किया है कि सफारी के गेट के पास व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
सफारी के डायरेक्टर डॉक्टर अनिल पटेल ने बताया कि सफारी में पर्यटकों के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी गई हैं यहां पर्यटक प्राकृतिक माहौल में वन्य जीवों का दीदार कर सकेंगे।
सोमवार को भी खुलेगी सफारी
आमतौर पर सफारी में सोमवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है लेकिन इस बार सोमवार को नए साल का पहला दिन है इसे देखते हुए सफारी को पर्यटकों के लिए सोमवार को भी खोला जाएगा।
