ओटीएस योजना: छूट का लाभ लेने पहुंचे लोग मगर सिस्टम ने दिया धोखा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ओटीएस योजना का रविवार को अंतिम दिन है। ऐसे में शनिवार को बड़ी संख्या में लोग बिजली विभाग के कार्यालयों में छूट का लाभ लेने के लिए पहुंचे लेकिन सर्वर डाउन होने की वजह से परेशान हुए। पांच मिनट के काम के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ा। चीफ इंजीनियर ने रविवार को अवकाश के दिन भी बिजली काउंटर खोलने के निर्देश दिए हैं।

आठ नवंबर को सरकार ने बकाया बिजली के बिल पर लगे ब्याज को माफ करने के लिए एक मुश्त समाधान योजना की शुरुआत की थी। योजना की अंतिम तारीख 31 दिसंबर है। बरेली मंडल के 14 लाख 84 हजार उपभोक्ता ओटीएस योजना की श्रेणी में थे, जिसमें से 28 दिसंबर तक 3 लाख 39 हजार उपभोक्ताओं ने ही योजना का लाभ लिया। 

31 दिसंबर को अवकाश होने से शनिवार को शहरी क्षेत्र के साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी योजना में पंजीकरण कराने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ उपकेंद्रों पर उमड़ी पड़ी, लेकिन सिस्टम दगा दे गया। एक पंजीकरण करने में पांच मिनट की जगह एक से आधा घंटे तक का समय लगा। जिससे उपभोक्ता लाइन लगाकर खड़े रहे। रामपुर गार्डन, सर्किट हाउस, महानगर, हरुनगला, सुभाषनगर, शाहदाना में भी एसडीओ कार्यालय में भी लोगों की लाइनें लगी रहीं। 31 दिसंबर के बाद ओटीएस योजना समाप्त हो जाएगी।

18 लाख 50 हजार का जुर्माने का जमा किया नौ लाख रुपये
ओटीएस योजना में बिजली चोरी के मुकदमे में फंसे उपभोक्ताओं को भी 65 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। अधिशासी अभियंता गौरव शुक्ला ने बताया कि जगतपुर के रहने वाले कमालुद्दीन की आटा चक्की में 2017 में बिजली चोरी पकड़ी गई थी। उन पर विभाग ने 18 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था लेकिन उन्होंने जुर्माना जमा नहीं किया। वह कोर्ट भी गए। शनिवार को उन्होंने ओटीएस योजना के तहत पंजीकरण कराकर नौ लाख 25 हजार रुपये जमा किए।

कल भी खुलेंगे काउंटर, जमा होंगे बिल
ओटीएस योजना का अंतिम दिन होने की वजह से रविवार को भी बिजली काउंटर खोलने के लिए निर्देश दिए गए हैं। अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि रविवार को भी बिजली के बिल जमा कराए जाएंगे। एक जनवरी से बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कनेक्शन काटने के लिए अभियान चलाया जाएगा।

ये भी पढे़ं- बरेली पहुंचे अजय राय, बोले- राम के दरबार निमंत्रण की जरूरत नही, मोदी कर रहे आस्था की मार्केटिंग

 

संबंधित समाचार