रुद्रपुर: सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से होगी हुड़दंगियों की पहचान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। नये साल पर शराब पीकर हुड़दंग काटने वालों की निगरानी के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों और द्रोण कैमरों से करेगी। हुड़दंगियों से निपटने के लिए एसएसपी ने जहां अधीनस्थों को आदेशित किया। वहीं पर्यटकों को यातायात सुविधा देने के लिए रूट भी डायवर्ट कर दिया है। वहीं दोपहर से बॉर्डरों और मुख्य चौराहों पर पुलिस ने बाहर से आने वाले वाहनों की चेकिंग की।

वर्ष 2023 को अलविदा कहते हुए वर्ष 2024 के आगमन को लेकर जहां लोगों ने अपने अपने तरह से जश्न मनाने की तैयारी की है। वहीं जिले में हुड़दंगियों से निपटने के लिए जनपद पुलिस ने भी अपनी तैयारी कर ली है। इसके लिए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि हुड़दंगियों पर नकेल कसने के लिए प्रत्येक मुख्य चौराहों पर पुलिस की ड्यूटी रहेगी और प्रत्येक कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी की जाएगी। इसके अलावा हुड़दंगियों की हुड़दंग की सूचना और कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों को सीसीटीवी कैमरों के अलावा द्रोण के माध्यम से चिह्नित किया जाएगा और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाएगी।

एसएसपी ने बताया कि नये साल पर पर्वतीय इलाकों या फिर रामनगर पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। ऐसे में पर्यटकों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं इसके लिए दिल्ली-हरियाणा से आने वाले वाहनों को टांडा तिराहा हल्द्वानी मोड़, नगला बाईपास तिराहा पंतनगर से लालकुआं होते हुए नैनीताल को भेजे जाएंगे।

इसके अलावा खटीमा-पीलीभीत से आने वाले वाहनों को महाराणा प्रताप चौक सितारगंज से चोरगलिया होते हुए नैनीताल की ओर रवाना किया जाएगा। हरिद्वार, बिजनौर, मुरादाबाद से आने वाले वाहनों को बाजपुर-बरहैनी-कालाढूंगी होते हुए नैनीताल भेजा जाएगा। साथ ही माल वाहक वाहन या फिर भारी वाहनों का शहरी इलाकों में प्रवेश वर्जित रहेगा।

संबंधित समाचार