राम मय हुआ मेंहदावल : गाजे-बाजे के साथ निकली अक्षत कलश यात्रा, हर तरफ गूंजा जय श्रीराम
मेंहदावल/ संतकबीरनगर, अमृत विचार। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर रविवार को शहर में पूजित अक्षत कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। यात्रा में पुरुष श्रद्धालुओं के साथ भारी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।
तहसील मुख्यालय पर विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में पूजित अक्षत कलश यात्रा कुबेर नाथ मंदिर से शुरू हुई। क्षेत्रीय विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी, पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल, विहिप जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह, जिला प्रचारक राजीव नयन के नेतृत्व में कलश यात्रा कुबेरनाथ मंदिर से निकलकर नगर के मुख्य मार्गों चौक बाजार, नायक टोला, नगर पंचायत कार्यालय, ठाकुर द्वारा, रोडवेज चौराहा होते हुए जगद्गुरु शंकराचार्य इंटर कॉलेज पर पहुंचकर सम्पन्न हुई।
विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि हिंदू समाज के 500 वर्षों की तपस्या, संघर्षों और बलिदानों के बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर का सपना साकार होने जा रहा है। आने वाली 22 जनवरी का दिन हम लोगों के लिए सौभाग्यशाली होने के साथ ही गौरवशाली भी होगा। पूर्व विधायक राकेश सिंह वघेल ने कहा कि आज वर्षों की तपस्या पूरी तरह हो रही है। उन्होंने कहा कि देश विदेश के करोड़ों सनातनी 22 जनवरी को दीपावली मनाएंगे।अक्षत कलश यात्रा के दौरान जगह जगह लोगों ने पूजन आदि के साथ फूल बरसाए। मंदिर से शुरू हुई अक्षत कलश यात्रा में स्थानीय लोगों के अलावा आसपास के गांवों से लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। गाजे बाजे के साथ निकली अक्षत कलश यात्रा के दौरान भक्तों द्वारा लगाए गए जय श्री राम के जयकारों से कस्बा गूंजता रहा। शंखनाद के साथ साथ बैंडबाजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते हुए निकले। जगह-जगह स्वागत और आतिशबाजी की गई। समूचा नगर जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।
कलश यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन मौके पर मुस्तैद रहा। कलश यात्रा में अजित सिंह, प्रशांत श्रीवास्तव, दारा सिंह, पूरन सिंह, सर्वेश त्रिपाठी, रामप्रकाश मिश्र, शिवम, सुनील अग्रहरि, सुशील चौधरी, बालरूप कन्नौजिया समेत हजारों रामभक्त शामिल रहे।
ये भी पढ़ें -बाराबंकी : तेंदुआ होने पर वन विभाग को संशय, नहीं दिखे पगचिह्न
