पीलीभीत: लगातार तीसरे दिन सर्दी ने छुड़ाई कंपकपी, तराई में और लुढ़का पारा
पीलीभीत, अमृत विचार। साल का आखिरी दिन सबसे अधिक ठंडा रहा। लगातार तीसरे दिन घने कोहरे व कड़ाके की सर्दी से जनजीवन अस्त-व्यस्त दिखाई दिया। रविवार को भी सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। जिससे ठंड और बढ़ गई। बाजार में ग्राहकों की संख्या काफी कम नजर आई। कोहरे ने वाहनों की रफ्तार धीमी कर दी। तापमान अधिकतम 15.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 7.5 डिग्री रहा।
रविवार को सुबह से ही कोहरा रहा। जिससे यातायात प्रभावित हुआ। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। ठंड से बचने के लिए लोग हीटर का सहारा लेते रहे। बच्चे और बुजुर्ग घरों में ही कैद रहे। बाइक सवार की तो कंपकंपी छूटती रही। दोपहर के समय जरूरी सामान खरीदने के लिए ही लोग बाजार में दिखाई दिए। कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि अभी कई दिन ऐसे ही सर्दी रहेगी।
कोहरा बढ़ने होने पर नहीं चलेगी रोडवेज बसें
कोहरे बढ़ने पर हादसे की रोकथाम के लिए भी परिवहन निगम के अफसर संजीदा हैं। रोडवेज बस में सफर करने वाले यात्रियों को सुगम यात्रा के साथ मंजिल तक पहुंचाने के लिए अधिक कोहरा होने पर बसों के ब्रेक लगाने के निर्देश दिए हैं।
जिले से रोडवेज बसें दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, मथुरा, बुलंदशहर समेत कई रूटों पर दौड़ रही है। मगर कोहरा अधिक होने की वजह से बसों का संचालन करने में दिक्कत आ रही है। कोहरे की वजह से हादसे का खतरा बढ़ने पर परिवहन निगम ने कोहरे में बसों के संचालन करने पर रोक लगा दी गई है। शासन ने एक आदेश जारी किया है। अधिक कोहरे में बसों का संचालन नहीं किए जाने के निर्देश दिए हैं।
प्रबंधक निदेशक ने क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिया कि अगर बस कहीं रास्ते में है और घना कोहरा हो जाता है विजिबिलिटी नहीं रहती है तो बस को किसी ढाबे, पेट्रोल पंप, पुलिस स्टेशन पर रोका जाएगा। इसके अलावा 25 से कम सवारियां बस में रहती हैं, तो भी बस का संचालन नहीं कराया जाएगा। ऐसे में अब यात्रियों के लिए गंतव्य तक पहुंचने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। प्रबंधक निदेशक ने तकनीकी रूप से कोहरे के लिए बसों को तैयार करने और कोहरे के सीजन में सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि चालक पर कोहरे में बस चलाने का दबाव न बनाए।
कोहरे को देखते हुए शासन ने निर्देश दिए है कि अधिक कोहरे में बस का संचालन नहीं किया जाए। बस रास्ते में है, कोहरा अधिक है, तो बस को एक सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया जाए। कोहरा कम होने के बाद ही बस का संचालन आगे किया जाए। 25 से कम सवारियां होने पर भी बस नहीं चलेगी। - पवन श्रीवास्तव, एआरएम रोडवेज
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: पिंजरे में कैद बाघिन को छठे दिन मिल गई रिहाई, लगाया गया रेडियो कॉलर, विभाग करता रहेगा निगरानी
