उज्ज्वल भविष्य का संकेत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में वर्ष 2023 की महत्वपूर्ण उपलब्धियों की चर्चा करते हुए इनके लिए राष्ट्र प्रथम को सबसे बड़ा मंत्र बताया। उन्होंने आशा जताई कि इसी मंत्र पर चलते हुए हम भारतीय देश को विकसित बनाएंगे, आत्मनिर्भर बनाएंगे। मन की बात में राम मंदिर से लेकर फिट इंडिया तक का मुद्दा शामिल रहा।
फिट इंडिया का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जीवन शैली से जुड़ी बीमारियों के बारे में कितनी कम बातें होती हैं, यह हम सभी के लिए खासकर युवाओं के लिए ज्यादा चिंता की बात है। कह सकते हैं कि प्रधानमंत्री ने एक ऐसे विषय की चर्चा की, जिसके बारे में देश में फिलहाल कम ही जागरुकता है। सच है कि जब भी हमने मिलकर प्रयास किए हैं, देश की विकास यात्रा पर बहुत सकारात्मक प्रभाव हुआ।
हमने ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ और ‘मेरी माटी मेरा देश’ जैसे सफल अभियान का अनुभव किया। इसमें करोड़ों लोगों की भागीदारी के हम सब साक्षी हैं। 70 हजार अमृत सरोवरों का निर्माण भी हमारी सामूहिक उपलब्धि है। इसी वर्ष ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पास हुआ, जिसकी लंबे समय से प्रतीक्षा थी। देशवासियों को उनकी प्रभावी सामर्थ्य का अहसास कराते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सफलताओं, उपलब्धियों से, सभी को प्रेरणा लेनी है, गर्व करना है, नए संकल्प लेने हैं। वास्तव में देश की उपलब्धियां, हर नागरिक की उपलब्धि है।
देश ‘विकसित भारत’ और आत्मनिर्भरता की भावना से ओत-प्रोत है तथा इस भावना एवं गति को 2024 में भी बनाए रखना है। प्रधानमंत्री का बड़ा एलान यह भी है कि बदलते समय में हमें अपनी भाषाएं बचानी भी हैं और उनका संवर्धन भी करना है। जो देश नवाचार को महत्व नहीं देता, उसका विकास रुक जाता है। भारत का इनोवेशन हब बनना, इस बात का प्रतीक है कि हम रुकने वाले नहीं हैं।
2024 उम्मीदों के साथ आया है। यह वर्ष निर्णायक महत्व का है। इस वर्ष लोकसभा के चुनाव होने हैं। सभी राजनीतिक, सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन एवं आमजन अगर नए वर्ष को सद्भाव एवं सहमति का दौर बनाने का दृढ़ संकल्प लें, तो तमाम संभावनाओं को हासिल किया जा सकता है। यानि हमें नए सिरे से नई ऊर्जा के साथ और तेज गति से बढ़ने का संकल्प लेना है। प्रधानमंत्री ने अपने कार्यक्रम के जरिए देशवासियों में उत्साह, उमंग और उर्जा जगाई है। फिलहाल उम्मीद करनी चाहिए कि 2024 अपार संभावनाओं का वर्ष रहेगा। देश की उपलब्धियां उज्ज्वल भविष्य का संकेत देती हैं।
