सीतापुर में बोले डिप्टी सीएम- राम ज्योति जलाकर 22 जनवरी को घरों में मनाये दिवाली
पूर्व गृह राज्यमंत्री की प्रतिमा का अनावरण कर जनसभा को किया संबोधित
सीतापुर,अमृत विचार। सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य आज हरगांव से विधायक व कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही के पिता और मां की मूर्तियों के अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे। डिप्टी सीएम ने पूर्व गृह राज्यमंत्री रामलाल राही और उनकी पत्नी की साईं मंदिर में स्थापित मूर्तियों का अनावरण किया। कार्यक्रम के दौरान सूबे के लोकनिर्माण कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर भी मौजूद रहे है।
डिप्टी सीएम ने पूर्व गृह राज्यमंत्री स्व रामलाल राही को विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह गरीबों के हमदर्द नेता थे और लंबे समय तक सीतापुर और देश की सेवा की है। उन्होंने कहा कि 2024 की शुरुआत हो गई है। यह वर्ष बहुत निर्णायक वर्ष है,क्योंकि 22 जनवरी 2024 को 500 साल के बाद भगवान राम लाल अपने स्थान पर विराजित होंगे।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के निर्देश पर सभी को 14 जनवरी से 22 जनवरी तक स्वच्छता के लिए अभियान चलाने का काम करना है। 22 जनवरी को घरों में राम ज्योति के रूप में एक ज्योति जलाकर दिवाली मनाने का काम सभी को करना है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि पूर्व गृह राज्यमंत्री बाबूजी द्वारा लोगो के लिए किये गए जलसत्याग्रह की भी याद दिलाई।
उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए नेता को जमीन पर उतरकर जनता के बीच जाना होगा। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इंडिया का गठबंधन ठगबंधन है। यह सिर्फ जनता को लूटने के लिये बना हुआ है।
