हल्द्वानी: भवाली में बनेगी नैनीताल जिले की एसडीआरएफ पोस्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नए वर्ष में राहत की खबर है। दैवीय आपदा से निबटने के लिए  राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की एक पोस्ट भवाली में बनाई जाएगी। भवाली में एसडीआरएफ पोस्ट बनने से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित मदद मिलेगी। 

नैनीताल जिला पर्वतीय व भाबर का मिलाजुला क्षेत्र है। मानसून सीजन में जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में दैवीय आपदा का भय बना रहता है। भूस्खलन, बरसाती नालों से जन-धन को नुकसान पहुंचता है। आपदा से निबटने के लिए एसडीआरफ सक्रिय की जाती है। जिले में एसडीआरएफ की एक भी स्थायी पोस्ट नहीं है। ऐसे में एसडीआरफ का पुलिस लाइन या किसी अन्य सरकारी विभाग के भवन में ठिकाना बनता है।

स्वयं का भवन नहीं होने से परेशानी होती है। एसडीआरएफ की जिला स्तरीय पोस्ट के लिए भवाली में तीन नाली भूमि चिन्हित की है। इस भूमि पर पोस्ट बनाई जाएगी। भूमि के लिए शासन से भी स्वीकृति मिल गई है। अब पोस्ट बनाने संबंधी अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण शुरू होगा।

इसमें पोस्ट प्रभारी का दफ्तर, फोर्स के रहने के लिए आवासीय भवन व बैरकें, उपकरणों को रखने के लिए कक्ष आदि सभी इंतजाम रहेंगे। फोर्स यहां तैनात रहेगी जो किसी भी आपदा की स्थिति होने पर त्वरित कदम उठाएगी। इस तरह दैवीय आपदा में समय से प्रबंधन होने पर काफी मदद मिलेगी और जन-धन के नुकसान को काफी हद तक किया जा सकता है।

नैनीताल जनपद के लिए एसडीआरएफ पोस्ट की स्थापना भवाली में की जाएगी। इसके लिए तीन नाली भूमि का चयन कर लिया गया है। अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद एसडीआरएफ पोस्ट का निर्माण जल्द शुरू होगा। 
= प्रमोद कुमार, एसडीएम नैनीताल

संबंधित समाचार