निमंत्रण में गए युवक का संदिग्ध हालत में सड़क किनारे मिला शव, हत्या का आरोप
अमृत विचार गोंडा : किसी दोस्त के बुलावे पर निमंत्रण में जाने के लिए निकले एक युवक का शव मंगलवार की सुबह धानेपुर थाना क्षेत्र के शुक्लागंज रेहरा मार्ग पर कुतुबगंज बाजार के समीप सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए धानेपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बलरामपुर जिले के रहरा थाना क्षेत्र के भैरवा भेलईपुरवा गांव के रहने वाला फूलचंद(22) पुत्र परशुराम सोमवार शाम करीब पांच बजे किसी दोस्त के बुलाने पर उसके घर निमंत्रण में जाने की बात कह कर घर से निकला था। हालांकि उसे किस दोस्त ने अपमे घर बुलाया है इसकी जानकारी उसने अपने परिजनों को नहीं दी थी। परिवार वालों का कहना है कि जब दिन भर फूलचंद वापस नहीं लौटा तो रात 9 बजे उसके मोबाइल पर फोन किया गया। फोन पर फूलचंद ने कुछ देर में घर लौटने की बात कही थी।
मंगलवार की सुबह धानेपुर थाना क्षेत्र के शुक्लागंज से रेहरा मार्ग पर कुतुबगंज बाजार के समीप फूलचंद का शव संदिग्ध हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला। बगल में ही उसकी बाइक भी पड़ी मिली। फूलचंद के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फूलचंद की मौत को पुलिस प्रथम दृष्टया सड़क हादसा मान रही है। हालांकि उसके परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
घटनास्थल पर मौजूद मृतक की भाभी अनीता ने बताया कि सोमवार कि शाम को पांच बजे किसी का फोन फूल चंद के मोबाइल पर आया था। फोन पर बातचीत के बाद उसने कहा कि कुछ देर में खाना खाकर वह वापस आ जायेगा और बाइक लेकर निकल गया। रात 9 बजे तक फूलचंद से बात हुई थी तो उसने जल्द ही घर लौटने की बात कही थी। लेकिन रात भर घर नहीं लौटा।
कई बार उसके मोबाइल पर फोन लगाया लेकिन फोन नहीं उठा। वह किसी दोस्त के घर गया था इसकी भी जानकारी उसने नहीं दी थी। सुबह उसके मौत की सूचना मिली। ऐसे में आशंका है कि किसी ने उसकी हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया है। मामले में मृतक के पिता परशुराम ने धानेपुर थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। तहरीर के मुताबिक घटना की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े:- लखनऊ में एसएसबी आईजी ने किया 30.5 मीटर ऊंचे हाई मास्ट राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण
