कानपुर में धर्मांतरण के दबाव में वीडियो बनाकर युवक ने किया सुसाइड, पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। मोहब्बत का झूठा दिलासा देकर किसी के जीवन के साथ मत खेलना…तुम चाहती थीं न धर्म परिवर्तन कर लें, हम राजी भी हो गए थे। लेकिन जब तुम हमारे मां बाप के बारे में नहीं सोचती हो तो हम तुम्हारे मां बाप के बारे में क्यों सोचें। मोहब्बत जात पात नहीं, दिल देखती है। झगड़ा होने के बाद भी हम तुमको चाहते हैं। मर रहे हैं, फिर भी तुमको चाहेंगे। न किसी से शादी करनी है, न ही किसी को चाहना है, केवल मरना है। झेल नहीं पा रहे हैं इतना बड़ा तमाशा तुम्हारा। 13 साल कम नहीं होते हैं। इन 13 सालों में सब कुछ खो दिया हमने... रविवार रात 1.13 मिनट के इस वीडियो को बनाने के बाद युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला जूही थानाक्षेत्र के जूही खुर्द इलाके का है। परिजनों ने बताया कि इससे पहले भी युवक फंदा लगाकर जान देने की कोशिश कर चुका था। 

जूही खुर्द का रहने वाले पप्पू का 25 वर्षीय पुत्र शुभम समारोह में लाइट और डीजे का काम करता था। पिता पप्पू ने बताया कि उनके बेटे को तीन साल पहले नगमा (परिवर्तित नाम) से प्रेम प्रसंग हो गया था। नगमा दूसरे संप्रदाय की थी। दो साल पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। जिसके बाद नगमा कुछ दिन तक शुभम के साथ रही। डेढ़ साल पहले विवाद के कारण नगमा मायके चली गई थी। परिजनों के अनुसार नगमा के मायके से न आने के कारण शुभम अवसाद में चला गया था। इसके बाद शुभम ने फांसी लगा ली थी। परिजन उसे आनन-फानन अस्पताल लेकर भागे थे। जहां इलाज के बाद वह ठीक हो गया था। इसके बाद धीरे-धीरे काम पर लौट आया था। 

रविवार रात उसने एक वीडियो बनाया जिसमें आरोप लगाया कि नगमा झूठी कसम खा चुकी है। उसकी वजह से उसने लोन ले लिया जिससे वह कर्जे में हो गया। बस धर्म परिवर्तन नहीं कर सकता था। नगमा उसके लिए लगातार दबाव बना रही है। मैंने उसे बहुत दिल से चाहा। केवल उसके और उसके परिवार के कहने पर मैं इस्लाम नहीं कुबूल कर सकता। इस कारण कमरे में जाकर वीडियो बनाने के बाद देर रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने फंदे पर शव लटकते देखा तो होश उड़ गए। शुभम की मां कमलेश, बहन अंजलि और भाई राज का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने जांच करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

इस संबंध में जूही इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि युवक का मोबाइल जब्त कर लिया गया है। परिजन जो भी आरोप लगा रहे हैं, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है, पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मोबाइल जब्त करके जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें -लखनऊ : सिविल अस्पताल की पैथालॉजी में लगी आग, धुंआ भरने से मची भगदड़

संबंधित समाचार