लखीमपुर-खीरी: प्रेमी युगल के बड़ी नहर में कूदने की आशंका, तलाश जारी
नहर की झाल में मिला आधार कार्ड, मोबाइल, शाल, युवती की जूती, युवक के जूते
फोटो- मौके पर जानकारी लेती पुलिस।
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार: थाना खीरी क्षेत्र में साड़ीनामा गांव के निकट बड़ी नहर में युवक के जूते, आधार कार्ड, मोबाइल, युवती की साल, जूती आदि झाल में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे एसओ ने सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
आधार कार्ड, जूती, साल से दोनों की पहचान हो गई है। दोनों प्रेमी युगल बताए जा रहे हैं। दोनों के नहर में कूदने की आशंका है। जिस पर पुलिस ने गोताखोरों को नहर में उतारकर दोनों तलाश कराई, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका है।
.jpeg)
थाना खीरी क्षेत्र के गांव साड़ीनामा से करीब 500 मीटर दूर शारदा सहायक ब्रांच नहर (बड़ी नहर) निकली है। मंगलवार की दोपहर गांव के कुछ लोग नहर की तरफ गए थे। इसी बीच उनकी नजर नहर की झाल में फंसा एक छोटा मोबाइल, बङा मोबाइल, हेडफोन, महिला की शाल, एक जोड़ी जूती, पुरुष के एक जोड़ी जूता फंसा देखा तो हड़कंप मच गया।
इसकी जानकारी जब ग्रामीणों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर एसओ हनुमंत लाल तिवारी ओयल चौकी इंचार्ज विनोद सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। एसओ ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने झाल में फंसा सामान बरामद कर जांच की तो दोनों कस्बे के ही रहने वाले और प्रेमी युगल निकले।
युवक की पहचान आदिल निवासी मोहल्ला एकता नगर के रूप में हुई, जबकि शाल और जूती से दूसरे समुदाय की 18 वर्षीय युवती के रूप में पहचान हुई। सूचना पर दोनों के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक दोनों प्रेमी युगल हैं और मंगलवार की सुबह से ही दोनों अपने घरों से गायब हैं। पुलिस के साथ अन्य लोगों ने दोनों के नहर में कूदने की आशंका जताई है।
एसओ ने मामले की जानकारी आला अधिकारियों को दी और गोताखोर बुलाए। सूचना पाकर सीओ सिटी सुबोध जायसवाल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। दोनों के परिवार वालों से भी अलग अलग पूछताछ की। एसओ ने गांव अमृतागंज से पांच गोताखोर बुलाए और उन्हें नदी में उतारकर दोनों की तलाश कराई। करीब दो घंटे की तलाश के बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चल सका है। अंधेरा होने के कारण पुलिस ने सर्च अभियान रोक दिया है।
हाईस्कूल की छात्रा है युवती, मां को झांसा देकर घर से निकली
लखीमपुर खीरी। ओयल चौकी क्षेत्र की लापता युवती हाईस्कूल की छात्रा है। वह कस्बे के एक कालेज में पढ़ती है। युवती की मां ने बताया कि दूसरे समुदाय के युवक का घर उसके घर से करीब दो किलोमीटर दूर है। कालेज आने जाने के दौरान युवक ने उसकी पुत्री को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। इसकी जब उन्हें जानकारी हुई तो उन्होंने पुत्री पर नजर रखने लगी।
महिला ने बताया कि मंगलवार को पुत्री ने चेयरमैन के घर काम से जाने की बात कही थी, जिस पर उन्होंने उसे मना कर दिया था। इसके बाद वह तैयार होकर चुपके से घर से चली गई। जानकारी होने पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। पता करने पर जानकारी मिली कि आरोपी आदिल भी सुबह घर से निकला था। वह भी वापस नहीं आया है।
उन्होंने युवक पर पुत्री को ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उधर युवक के परिवार वालों ने बताया आदिल सुबह करीब नौ बजे घर से बिना कुछ भी बताए घर से निकला था। उन्हे युवती से प्रेम प्रसंग होने की जानकारी नहीं है।
कहीं पुलिस को गुमराह करने की कोशिश तो नहीं
लखीमपुर खीरी। नहर में करीब दो घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद प्रेमी युगल के न मिलने से यह आशंका जाहिर की जा रही है कि कहीं प्रेमी युगल ने परिवार वालों और पुलिस का ध्यान बटाने की कोशिश तो नहीं की है। पुलिस भी इस आशंका से इंकार नहीं कर रही है। पुलिस घटना के हर बिंदुओं पर गहराई से अपनी जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आई है। दोनों के नहर में कूदने की आशंका थी। इसलिए गोताखोर उतारकर नहर में भी तलाश कराई गई है, लेकिन अभी कुछ पता नहीं चला है। पुलिस कई बिंदुओं पर अपनी जांच कर रही है। जल्द ही दोनों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा---हनुमंत लाल तिवारी थानाध्यक्ष खीरी।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: परियोजनाओं की गुणवत्ता के सत्यापन में लापरवाही, 39 अधिकारियों को नोटिस जारी
