संभल: हड़ताल के बावजूद वाहन चला रहे ड्राइवरों के गले में डाली जूतों की माला, हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल में गवां मार्ग पर बस और ट्रक ड्राइवरों ने किया प्रदर्शन, तेल टैंकर और स्कूल वाहन चालकों को रोककर पहनाई जूतों की माला

संभल, अमृत विचार। सड़क हादसा होने पर वाहन चालक को 10 साल की सजा और सात लाख रुपये जुर्माने वाले कानून के खिलाफ ड्राइवरों में गुस्सा तेजी से भड़क रहा है। संभल में गवां मार्ग पर ड्राइवरों ने प्रदर्शन करने के बाद सड़क से गुजर रहे वाहनों को रोककर चालकों के साथ अभद्र व्यवहार किया। वाहन चालकों को गले में जूतों की माला डाली। कहा कि वह कानून के खिलाफ हड़ताल क्यों कर रहे हैं। जरूरी सामान की आपूर्ति बाधित करने में सहयोग क्यों नहीं कर रहे। करीब डेढ़ घंटे तक मार्ग पर ड्राइवरों का कब्जा रहा। पुलिस के पहुंचने पर ड्राइवर भाग खड़े हुए।

जनपद संभल में शहर ही नहीं बल्कि देहात क्षेत्र में भी कानून के खिलाफ आवाज उठाई जा रही है। इस बीच मंगलवार को हड़ताल में शामिल वाहनों के ड्राइवर संभल-गवां मार्ग पर पहुंचे। ड्राइवरों ने सरकार द्वारा लाए गए कानून के विरोध में प्रदर्शन किया। जिसके बाद ड्राइवरों ने उन वाहनों को रोकना शुरू कर दिया जिन्हें लेकर चालक गंतव्य की तरफ बढ़ रहे थे। ड्राइवरों ने खासकर तेल के टैंकरों का रोका। 

इनके चालकों के गले में जूतों की माला यह कहते हुए डाली कि वह कानून के खिलाफ आंदोलन करने में सहयोग क्यों नहीं कर रहे। कई स्कूल वाहनों को रोक कर भी चालकों के गले में जूतों की माला डाली। करीब डेढ़ घंटे तक मार्ग पर ड्राइवरों का कब्जा रहा। जब पुलिस को हालात की जानकारी मिली तो तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर ड्राइवर भाग खड़े हुए।

ये भी पढ़ें:- Special Story: दुनिया के फैशनपरस्तों के कपड़ों पर चमकेंगे संभल के हॉर्न बोन बटन

संबंधित समाचार