रायबरेली: श्रीराम की मूर्ति लगाने की घोषणा पर विधायक के खिलाफ की अभद्र टिप्पणी, आरोपी गिरफ्तार
सलोन/रायबरेली, अमृत विचार। श्रीराम की 108 फिट ऊंची प्रतिमा सलोन क्षेत्र में लगवाने की घोषणा के बाद एक युवक ने प्रभु श्रीराम और क्षेत्रीय विधायक के विरुद्ध सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी की है। पोस्ट वायरल होते ही मामले को गम्भीरता से लेते हुए हिंदूवादी नेता की तहरीर पर सलोन पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्जकर उसका चालान किया है।
सलोन विधान सभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक अशोक कुमार कोरी ने हाल ही में अपने व्हाट्सअप स्टेटस पर प्रभु श्रीराम की 108 फिट ऊंची प्रतिमा सलोन क्षेत्र लगवाने की घोषणा की थी।जिसके विरोध में सूची क्षेत्र के रहने वाले युवक महेश पासी ने व्हाट्सअप, फेसबुक सोशल मीडिया के कई ग्रुपों में विधायक अशोक कोरी के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी कर पासी समाज को एकजुट होने की अपील पोस्ट कर वायरल की थी। पोस्ट में प्रभु श्रीराम के बारे अभद्र भाषा शैली का प्रयोग किया गया था।
पोस्ट वायरल होते ही हिन्दू संगठन के लोग आग बबूला हो गए।और कोतवाली पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध कार्यवाही की मांग पर अड़े रहे।हिन्दू संगठन के नेता जितेंद सिंह योगी सेवक की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इस सम्बंध में क्षेत्रीय विधायक अशोक कोरी का कहना है कि कुछ गन्दी मानसिकता के लोग सोशल मीडिया पर फर्जी ग्रुप बनाकर समाज को मेरे विरुद्ध भड़काने में लगे है।हम सब के आराध्य भगवान श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी करना गलत है।मामले में पुलिस कानूनी कार्यवाही कर रही है।क्षेत्राधिकारी वंदना सिंह ने बताया कि उक्त प्रकरण में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी युवक का चालान किया गया है।मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-स्कूली वैन में लगवाना होगा CCTV कैमरा, तीन महीने का मिला समय, सरकार के इस कदम की अभिभावकों ने की सराहना
