बाजपुर: अलग-अलग हादसों में दो बाइक सवार युवाओं की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। नेशनल हाइवे पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। घटनाओं से परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं।

सोमवार रात करीब 9 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर ग्राम कनौरा में डिवाइडर के कट पर अंधेरे में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार सींगनखेड़ा (उप्र) निवासी अजय दिवाकर (27) पुत्र किशोरी लाल हाल निवासी ग्राम चकरपुर बाजपुर बुरी तरह घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर परिवार के लोग व ग्रामीण सरकारी अस्पताल पहुंच गए। मृतक अजय पत्रकार सुनील दिवाकर का भांजा था और बाजपुर में ही रहकर एक स्टोन क्रेशर पर काम करता था। बीती रात वह ड्यूटी करके बाइक पर लौट रहा था।

वहीं मंगलवार दोपहर करीब एक बजे नेशनल हाइवे-74 पर ही दोराहा के निकट एक स्कूल के सामने बुलेट बाइक सवार गांव बाजपुर निवासी सुरेश कुमार (38) पुत्र द्वारिका प्रसाद अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे ले लिया जिसे बाद में सरकारी अस्पताल ले जाकर मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया तथा  अस्पताल में काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के पिता द्वारिका प्रसाद पूर्व प्रधान रह चुके हैं।

संबंधित समाचार