रुद्रपुर: व्यापारी पुत्र को मुक्त कराया, महिला समेत दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। बीते सोमवार को शहर के बड़े व्यापारी के बेटे को धोखे से बुलाकर बंधक बनाने और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने दूसरे ही दिन पर्दाफाश कर दिया। मामले में पंतनगर पुलिस ने सरगना सहित आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने युवक को बलात्कार जैसे संगीन मामले में फंसाने की धमकी देकर रंगदारी मांगी और बंधक बनाकर मारपीट की।

 मंगलवार को खुलासा करते हुए एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोडके, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और सीओ पंतनगर तपेश कुमार ने बताया कि दो दिसंबर को व्यापारी जुगल किशोर ने बताया कि मंगलवार की दोपहर 12 बजे उनके बेटे विकास तनेजा को किसी अज्ञात का कॉल आया और बेटा अपनी कार लेकर घर से निकल गया। डेढ़ घंटे बाद बेटे के मोबाइल से जैन मंदिर रोड मलिक कॉलोनी निवासी गौरव आहुजा उर्फ विक्की ने सूचना दी कि उनका बेटा ओमेक्स कॉलोनी स्थित एक फ्लैट में बंधक बनाकर रखा गया है। जिसे छोड़ने की एवज में दस लाख रुपये देने होंगे।

इसकी सूचना मिलते ही थाना पंतनगर प्रभारी राजेंद्र सिंह डांगी व सिडकुल चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार ने टीम का गठन कर तत्काल बताए गए फ्लैट पर दबिश दी और देर रात में ही व्यापारी के बेटे को मुक्त करा लिया। मौके से हनी ट्रेप प्रकरण के सरगना गौरव आहूजा उर्फ विक्की और ओमेक्स कॉलोनी निवासी नीलम गर्ग को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही युवक को मुक्त किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने युवक को प्रेमजाल में फंसाकर धोखे से बुलाया और फ्लैट में ही बंधक बनाकर रंगदारी मांगी। साथ ही पैसा नहीं देने पर बलात्कार जैसे संगीन प्रकरण में फंसाकर बदनाम करने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

 

संबंधित समाचार