बरेली: एसएसपी की रिपोर्ट पर 712 वाहन चालकों का लाइसेंस होगा निरस्त
तीन महीने में तीन से अधिक चालान वाले वाहनों को किया गया चिह्नित
बरेली, अमृत विचार। जिले में लगातार यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने मंगलवार को तीन महीने में तीन या तीन से अधिक चालान होने वाले 712 वाहन चालकों को चिह्रित कर उनका लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को रिपोर्ट भेजी है। जहां से नोटिस जारी होने के बाद इन वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे।
एसएसपी ने एसपी ट्रैफिक शिवराज से तीन माह में हुए चालान का रिकार्ड मंगवाया। रिकार्ड में जिन वाहन चालकों के तीन माह में तीन से अधिक चालान हुए हैं और उन्होंने चालान जमा नहीं किए हैं, ऐसे 712 वाहन चालकों को चिह्नित किया गया। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि इनमें कई वाहन चालक ऐसे भी हैं, जिनमें किसी के छह, सात तो किसी के 10 चालान हुए हैं। इनमें ज्यादातर दो पहिया वाहन शामिल हैं। जो बिना हेलमेट के सड़क पर फर्राटा भर रहे हैं। इन वाहन चालकों को आरटीओ नोटिस भेज कर रिमाइंडर कराएंगे। जिसमें अगर संतुष्ट जवाब नहीं मिला तो लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। वाहन मालिकों को नोटिस भेजने की तैयारी भी आरटीओ ने शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- बरेली: शिक्षक ने छात्र से किया कुकर्म, धमकाकर घर से मंगाए जेवर
