बरेली: हड़ताल के बीच आवक घटने से बढ़ गए सब्जियों के दाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सब्जियों पर 30 से 50 फीसदी तक का उछाल

बरेली, अमृत विचार। दूसरे राज्यों से होने वाली सप्लाई दो दिन से बंद होने के कारण डेलापीर सब्जी मंडी में ज्यादातर सब्जियों के भाव मंगलवार को 30 से 50 प्रतिशत तक बढ़ गए। आढ़तियों का कहना है कि डेलापीर मंडी में दूसरे शहरों और राज्यों से रोज छोटे-बड़े सवा सौ से ज्यादा वाहन आते हैं। हड़ताल से लोकल मंडियों की सप्लाई पर भी काफी असर पड़ा है। एक-दो दिन और यही हालात रहे तो महंगाई चरम पर पहुंच जाएगी। हालांकि गनीमत है कि फिलहाल फलों पर दाम नहीं बढ़े हैं।

ट्रक चालकों की हड़ताल की वजह से दिल्ली की आजादपुर मंडी के अलावा महाराष्ट्र से भी आने वाले सब्जियां यहां नहीं पहुंच रही हैं। दूसरे दिन थोक मंडी में ही दाम बढ़ गए हैं। अगर यही हाल रहा तो सब्जियों के भाव दो-तीन दिन में ही आसमान छूने लगेंगे। - शुजाउर्रहमान, वेजिटेबल एंड फ्रूट ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष

प्याज 30 से 40 तो आलू 10 से 15 रुपये किलो
सब्जी कारोबारियों के मुताबिक सब्जियों के भाव में तीन दिन में ही बड़ा उछाल आया है। आलू का भाव 10 से 15 रुपये किलो और प्याज 30 से 40 रुपये किलो हो गया है। मटर 25-30 से 35-40, हरी मिर्च 25-30 से 35-40, टमाटर 30-40 से 45-50 और लहसुन 280 से तीन सौ के भाव से उछलकर 320 से 330 रुपये किलो तक पहुंच गया है। सब्जी विक्रेता मोनू ने बताया कि लोग दाम और बढ़ने की आशंका से और ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं। अभिषेक ने बताया कि सब्जियों के थोक रेट ही बढ़ गए हैं, इसलिए उन्होंने भी भाव बढ़ा दिए हैं- अभिषेक, सब्जी विक्रेता।

ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के कारण माल की कम आवक होने का अनुचित लाभ उठाकर शहर में कुछ व्यापारियों ने कृत्रिम मूल्यवृद्धि कर दी है और लोगों से ज्यादा कीमत वसूल रहे हैं। इसका हम सख्त विरोध करते हैं। जिला प्रशासन से मांग है कि उपभोक्ताओं से ज्यादा कीमत वसूलने वालों पर कार्रवाई हो - मुहम्मद खालिद जीलानी, उपभोक्ता मामलों के वकील एवं सोशल एक्टिविस्ट।

ये भी पढ़ें- बरेली: महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार