केंद्रीय मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े पर्यटन स्थलों के विकास पर दिया जोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देश में स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े पर्यटन स्थलों के विकास पर जोर दिया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस और इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पर्यटन मंत्रालय को सुझाव देते हुए कहा कि वर्ष 2022 में देश आजादी की 75वीं सालगिरह मनाएगा। ऐसे में हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों की …

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देश में स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े पर्यटन स्थलों के विकास पर जोर दिया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस और इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पर्यटन मंत्रालय को सुझाव देते हुए कहा कि वर्ष 2022 में देश आजादी की 75वीं सालगिरह मनाएगा। ऐसे में हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों की वीरता से जुड़े और अधिक पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए काम करना चाहिए।

पर्यटन राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के साथ ‘पर्यटन और ग्रामीण विकास’ पर आयोजित एक वर्चुअल मीटिंग में हिस्सा लेते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने इस सेक्टर के विकास की असीम संभावनाएं बताईं। उन्होंने पर्यटन मंत्रालय की नई पहल ‘देखो अपना देश’ के लिए मंत्रालय की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से स्थानीय विरासत और पर्यटन स्थलों को बढ़ावा और प्रोत्साहन मिलता है।

उन्होंने भारत की समृद्ध संस्कृति, इतिहास और प्राचीन वास्तु चमत्कारों के बारे में बताया कि इससे पर्यटन उद्योग के विकास के लिए काफी गुंजाइश है। दुनिया को एक वैश्विक गांव बनाने में इंटरनेट की भूमिका के बारे में बात करते हुए प्रधान ने भारत को वैश्विक पर्यटक केंद्र के रूप में मजबूती से स्थापित करने के लिए प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग करने की अपील की।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पर्यटन उद्योग में रोजगार के नए अवसरों के सृजन और ग्रामीण क्षेत्रों में भी युवाओं के सशक्तीकरण की अभूतपूर्व क्षमता है। देश के हर जिले में लोगों को बताने के लिए ऐतिहासिक कहानियां हैं। इससे जुड़े स्थलों का विकास करने पर पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

संबंधित समाचार