संभल : सीएए लागू करने की बात प्रोपेगेंडा, देश के हालात होंगे खराब...सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क का बयान
सांसद बर्क ने कहा बाबरी मस्जिद शहादत की तकलीफ मुसलमानों के दिल में हमेशा रहेगी
संभल,अमृत विचार। संभल लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने देश में सीएए लागू करने की चर्चाओं को लेकर कहा कि सीएए लागू करने की बात प्रोपेगेंडा है। इससे देश के हालात और खराब होंगे।
डा. बर्क ने कहा कि इससे लोगों में मोहब्बत की फिजा पैदा नहीं होगी। देश को चलाने के लिए नफरत नहीं मोहब्बत होनी चाहिए। नफरत के बजाये मोहब्बत से काम लिया होता तो हमारे देश को फायदा होता। नफरत की आग को जितना ज्यादा भड़कायेंगे उतनी ही ज्यादा बर्बादी होगी, मुल्क का नुकसान होगा। नफरत को खत्म कर मोहब्बत का पैगाम दें। डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने राजस्थान की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि राजस्थान में नौजवान को बेवजह पीटकर मार दिया गया। हम किसी के साथ ज्यादती नहीं देखना चाहते। हम चाहते हैं सब इंसान हैं कोई अमीर,कोई गरीब है कोई किसी धर्म का है कोई किसी दूसरे धर्म का है मगर वह इंसान है।
असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर डा. बर्क ने कहा कि मैं मजहब को सियासत में नहीं घसीटता। क्योंकि मजहब मजहब अपनी जगह पर है और सियासत अपनी जगह पर। कहा कि मुसलमान और हिंदू एक ही मुल्क के रहने वाले हैं लेकिन मुसलमान को दुख देने के लिए मस्जिद शहीद कर दी। इसकी तकलीफ मुसलमान के दिल में है और हमेशा रहेगी। बाबरी मस्जिद को शहीद करने के बाद अभी उनकी सभी मस्जिदों पर नजर है।
ये भी पढ़ें: संभल: सरकारी अस्पताल में मनाया गया 31 बेटियों के जन्म का उत्सव, मिले उपहार
