Banda News: पांच अन्तर्राज्यीय तस्करों से 620 किलो गांजा बरामद, बाजार में कीमत तीन करोड़ रूपये...
बांदा में पांच अन्तर्राज्यीय तस्करों से 620 किलो गांजा बरामद किया गया है।
बांदा में पुलिस ने पांच अन्तर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 620 किलो अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ है। इसकी कीमत बाजार में तीन करोड़ रूपये बताई जा रही है।
बांदा, अमृत विचार। थाना गिरवां व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने अन्तर्राज्यीय अवैध गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया। टीम ने तीन करोड़ रुपये कीमत के अवैध सूखे गांजे के साथ पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिली कि कुछ बदमाश गिरवां थाना क्षेत्र के पतौरा मोड़ के पास अवैध मादक पदार्थ की बिक्री करने की योजना बना रहे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से पांच लोगों को 620 किलो अवैध सूखे गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से एक डीसीएम आयशर ट्रक व एक बोलेरो सहित पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। वांछित अभियुक्त मंगल यादव की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
वहीं अभियुक्तों से पूछताछ में पता चला कि मुख्य अभियुक्त अरुण व मनीष उड़ीसा से बिहार व मध्य प्रदेश के रास्ते से अवैध सूखे गांजे की खेप लाते हैं तथा प्रदीप, नागेन्द्र, नत्थू यादव व उसके लड़के मंगल यादव (बांदा) और आसपास के जनपदों में इसकी बिक्री करते थे।

गिरफ्तार करने में राकेश कुमार तिवारी थानाध्यक्ष गिरवां,राधाकृष्ण तिवारी प्रभारी सर्विलांस, एसआई मोहम्मद अकरम,हेड कांस्टेबल अश्वनी प्रताप,विश्ववीर सिंह,कांस्टेबल सचिन पटेल, शिवम यादव,आशू सिंह,आशीष शर्मा,कमल सिंह,प्रतीक यादव,अमित कुशवाहा,अमित त्रिपाठी,सूर्यांश शामिल रहे। प्रेस वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मीनिवास मिश्र व क्षेत्राधिकारी नरैनी श्रीमती अम्बुजा त्रिवेदी शामिल रहीं।
