Kannauj News: कुख्यात बावरिया गिरोह के दो डकैतों को सात साल की कैद, पांच साल पहले हुई डकैती में मिली सजा....

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में बावरिया गिरोह के दो डकैतों को सात साल कैद की सजा सुनाई गई है।

कन्नौज में कुख्यात बावरिया गिरोह के दो डकैतों को सात साल 29 दिन की सजा सुनाई गई है। दोनों डकैतों पर 30 हजार रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया गया है। दोनों डकैतों ने 2016 में दो डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया था।

कन्नौज, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुख्यात बावरिया गिरोह के दो डकैतों को सात साल 29 दिन की सजा सुनाई गई है। दोनों डकैतों पर 30 हजार रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया गया है। दोनों डकैतों ने 2016 में शहर के मोहल्ला शिवाजी नगर व रंगियनपुरवा में डकैती की दो वारदातों को अंजाम दिया था, जिसमें पुलिस ने दोनों डकैतों को गिरफ्तार कर लूटा गया माल भी बरामद किया था।

शासकीय अधिवक्ता बृजेश शुक्ल ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के रंगियनपुरवा व शिवाजी नगर में दो नवंबर 2016 की रात सशस्त्र बदमाशों ने दो घरों में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने कुख्यात बावरिया गिरोह के दो डकैतों आशिक बावरिया पुत्र निक्का निवासी ग्राम सरैया कोतवाली विधूना जनपद औरैया तथा जनपद बुलंदशहर के बरसाती डेरा निवासी चांद मियां को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने दोनों डकैतों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। अभियोजन पक्ष की तरफ से 20 गवाह पेश किए गए। गुरुवार को विशेष न्यायाधीश (एंटी डकैती) इंद्रजीत सिंह ने दोनों डकैतों को धारा 395 डकैती, धारा 397 डकैती के दौरान घातक चोट पहुंचाने तथा धारा 412 बंधक बनाने पर सात साल 29 दिन कठोर कारावास की सजा सुनाते हुए दोनों पर 15-15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

जुर्माने की रकम अदा न करने पर दोनों को दस-दस दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। दोनों डकैतों ने न्यायालय में अपना जुर्म भी कुबूल कर लिया था। सजा सुनाए जाने के बाद दोनों डकैतों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया। 

इन डकैतियों पर आया फैसला

पहली डकैती

सदर कोतवाली क्षेत्र के रंगियनपुरवा गांव में 2 नवंबर 2016 की रात 10-11 बजे के बीच सशस्त्र बदमाशों ने अमर सिंह पुत्र देवीदयाल रैदास के घर पर धावा बोल दिया और मकान मालिक समेत रिश्तेदार नेकराम, मां सुशीला देवी, छोटे भाई ओमप्रकाश को मारपीट कर घायल कर दिया तथा दरवाजा तोड़कर घर में रखी नकदी व जेवरात लूट ले गए। ओमप्रकाश की शादी के लिए घर में तैयारियां चल रहीं थीं।

दूसरी डकैती

शहर के मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी विपिन पाल पुत्र रामनरेश पाल के घर में 2 नवंबर 2016 की रात 11-12 बजे के बीच सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोल दिया और परिवार के लोगों को बंधक बनाकर लोहे की रॉड व डंडों से पीटा तथा दो लाख रुपये नकद व 3.5 लाख रुपये के जेवरात लूट ले गए थे। घायल परिजनों को जिला अस्पताल से गंभीर हालत में हैलट अस्पताल कानपुर के लिए रेफर किया गया था।

यह भी पढ़ें- Banda News: पांच अन्तर्राज्यीय तस्करों से 620 किलो गांजा बरामद, बाजार में कीमत तीन करोड़ रूपये...

संबंधित समाचार