रामपुर: कोहरे ने अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की ली जान, मचा कोहराम
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जिला अस्पताल, अमरोहा निवासी परिचालक की स्वार के ग्राम धनौरी में डंपर पलटने से मौत
रामपुर/ स्वार, अमृत विचार। कोहरे ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की जान ले ली। गुरुवार की सुबह रामपुर की ओर से आ रहा खनन से भरा डंपर तहसील स्वार के ग्राम धनौरी के निकट संत फ्रांसिस स्कूल के स्पीड ब्रेकर पर असंतुलित होकर पलट गया और डंपर के केबिन में फंसे जनपद अमरोहा निवासी परिचालक जयपाल पुत्र कल्लू की मौत हो गई। राजकीय मुद्रणालय के निकट अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी और उसकी मौत हो गई। इसके अलावा शाहबाद के ग्राम खरसोल में बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया और उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सड़क हादसे में साइकिल सवार मजदूर की मौत
रामपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पनवड़िया निवासी नरेश का बेटा गोविंद उम्र (25) भमरौआ रोड पर स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता था। रोजाना की तरह वह बुधवार रात को काम से निपटने के बाद घर को जा रहा था। राजकीय मुद्रणालय के सामने घने कोहरे के चलते अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खनन से भरा डंपर पलटा,परिचालक की मौत
स्वार। घने कोहरे के चलते स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर खनन से भरा डंपर खड्ड में पलट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर के केबिन से बामुश्किल घायल चालक एवं परिचालक को बाहर निकाला। इससे पूर्व ही परिचालक की मौत हो गई। पुलिस घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जबकि, मृतक परिचालक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
घने कोहरे के चलते मार्गों पर बने बड़े स्पीड ब्रेकर हादसों का सबब बने हुए हैं। गुरुवार की सुबह रामपुर की ओर से आ रहा खनन से भरा डंपर गांव धनौरी के निकट संत फ्रांसिस स्कूल के पास घने कोहरे के चलते डंपर का चालक बड़े स्पीड ब्रेकर को नहीं देख पाया। जिसके चलते चालक स्टेयरिंग से नियंत्रण खो बैठा। जिस पर डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। जिसमें डंपर बुरी तरह तरह क्षतिग्रस्त ग्रस्त हो गया। चालक-परिचालक केबिन के अंदर फंस गए। इस दौरान उधर से गुजर रहे पुलिस के वाहन ने खड्ड में पलटे डंपर से चीख-पुकार सुनी,तो उन्होंने डंपर के केबिन में फंसे जनपद अमरोहा निवासी चालक उमेंद्र पुत्र जयवीर व परिचालक जयपाल पुत्र कल्लू को बामुश्किल केबिन से निकाला। इससे पूर्व परिचालक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी और घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर मृतक परिचालक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।
बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत
सैफनी। बुधवार रात थाना क्षेत्र के खरसोल गांव में घना कोहरा होने के चलते अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मुरादाबाद के थाना बिलारी के गांव अहलादपुर निवासी 30 वर्षीय टीकम सिंह पुत्र ऊदल सिंह सागरपुर गांव मे किसी रिश्तेदारी में आया था। जहां से वह देर रात करीब 9:15 बजे अपने गांव लौट रहा था। बताया गया कि लौटते समय खरसोल गांव में घने कोहरे के बीच बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर थानाध्यक्ष हरिओम सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : अयोध्या में 22 जनवरी के भंडारे में रामपुर का चावल खाएंगे राम भक्त
