बरेली: विधवा पेंशन फर्जीवाड़ा करने वालों पर कार्रवाई से पहले मांगा अंतिम जवाब
तत्कालीन डीपीओ-बीडीओ के साथ मौजूदा बीडीओ और पांच कर्मचारी पाए गए हैं दोषी
बरेली, अमृत विचार। रामनगर ब्लॉक के गोठा खंडुआ में 46 विवाहित महिलाओं को विधवा पेंशन देने के मामले में दोषी पाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सीडीओ ने अलग-अलग कार्रवाई की संस्तुति कर डीएम को रिपोर्ट भेज दी है। डीएम ने आरोपी अधिकारियों और कर्मचारियों को अंतिम जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया है। इसके बाद उन पर कार्रवाई की जाएगी।
गोठा खंडुआ में 25 से 30 साल की विवाहित महिलाओं को विधवा पेंशन देने के मामले डीपीओ से लेकर बीडीओ और उनके दफ्तरों के बाबुओं की साठगांठ उजागर हुई है। एसडीएम आंवला ने इस घोटाले की पहली जांच की थी, जिसमें इनमें से ज्यादातर आरोपियों के नाम थे लेकिन तत्कालीन डीएम ने उनकी रिपोर्ट लौटा दी थी और दोबारा जांच का निर्देश दिए थे। दूसरी जांच के बाद उनकी रिपोर्ट में सिर्फ चार गैरसरकारी लोगों के नाम रह गए जिनके खिलाफ एफआईआर लिखा दी गई थी।
कुछ दिन पहले दिशा की बैठक में एमएलसी महाराज सिंह की ओर से इस पक्षपातपूर्ण कार्रवाई पर आपत्ति करने के बाद डीएम रवींद्र कुमार ने सीडीओ जगप्रवेश को नए सिरे से जांच कराने का आदेश दिया था। इस बार जांच हुई तो तत्कालीन डीपीओ, रामनगर के तत्कालीन और मौजूदा बीडीओ, उनके बाबुओं समेत आठ लोगों को दोषी पाया गया। सीडीओ ने दो दिन पहले इन सभी के लिए अलग-अलग कार्रवाई की संस्तुति कर डीएम को रिपोर्ट भेज दी थी।
सीडीओ जगप्रवेश ने बताया कि डीएम के निर्देश पर दोषी पाए गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी कर तीन दिन में अंतिम जवाब मांगा गया है। जवाब से संतुष्ट न होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट में तत्कालीन डीपीओ और बीडीओ के साथ मौजूदा बीडीओ और सचिव, ब्लॉक के बाबू का प्रमोशन रोकने प्रोबेशन अधिकारी के कार्यालय के बाबू के खिलाफ बर्खास्तगी और रामनगर ब्लॉक के बाबू का एक महीने का वेतन काटने की कार्रवाई प्रस्तावित है।
विधवा पेंशन लेने वाली महिलाओं से होनी है वसूली
गोठा खंडुआ में विधवा पेंशन लेने वाली अपात्र महिलाओं से वसूली भी होनी है। अब तक एक महिला ने ही पेंशन की रकम वापस की है, 45 और से वसूली बाकी है। जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा ने बताया कि एक महिला ने चेक के जरिए पैसा वापस किया है। बाकी महिलाओं से भी वसूली की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: जिले में 326 सहायक अध्यापकों की होगी पदोन्नति
