बिजली विभाग : कई परियोजनाओं का काम अधूरा, मगर जारी कर दिया समर प्लान
एक भी काम नहीं हो सका पूरा, नए प्लान पर काम शुरू करने की तैयारी
बरेली, अमृत विचार। बिजली विभाग में एक काम पूरा हो नहीं पाता है कि दूसरे की तैयारी शुरू कर दी जाती है। जिले में पहले से ही नगर निकाय, बिजनेस प्लान और आरडीएसएस योजना के तहत काम कराए जा रहे हैं। इन तीनों परियोजनाओं में किसी का काम पूरा हो नहीं सका है, मगर अधिकारियों ने समर प्लान जारी कर दिया है।
बरेली जोन में आरडीएसएस योजना के तहत 800 करोड़ के काम कराए जा रहे हैं। इनमें बंच कंडक्टर, तारों को बदलना और ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि होनी है। इन कार्यों को 31 मार्च तक पूरा करना है, मगर कई कार्य धीमी गति से चल रहे हैं। इन्हें समय पर पूरा करना किसी चुनौती से कम नहीं है। वहीं, अब आला अफसरों ने अधिशासी अभियंता, एसडीओ और अवर अभियंताओं को समर प्लान के तहत सर्वे करने को कहा है। इसमें लाइन को चेक कराया जाएगा, ताकि पता चल सके लाइन की स्थिति ठीक है या नहीं। गर्मी के लिहाज से किन ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़नी है, उनकी स्थिति को भी जांचा जाएगा।
आरडीएसएस, बिजनेस प्लान और नगर निकाय के तहत जो भी काम चल रहे है, उन्हें मार्च तक पूरा करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। गर्मी को लेकर अब समर प्लान पर भी जल्द काम शुरू किया जाएगा- रणविजय सिंह, मुख्य अभियंता।
ये भी पढ़ें- बरेली: ठगों के शिकार बड़े-बड़े अफसर... कहें तो कहें क्या और करें तो करें क्या
