बरेली: भीषण ठंड में भी खाली दिखे रैन बसेरे...खुले में सो रहे लोग
अपर नगर आयुक्त को रात में किया निरीक्षण
बरेली, अमृत विचार। सुबह डीएम के बाद रात में अपर नगर आयुक्त ने रैन बसेरों की स्थिति परखी। इस दौरान कई जगहों पर लोग खुले में सोते मिले, जिन्हें रैन बसेरों में भेजा। सुभाष नगर में सबमर्सिबल पंप खराब मिला। प्रमुख स्थानों पर अलाव जलते मिले।

अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि सुभाष नगर रैन बसेरा में तीन, पटेल चौक के रैन बसेरे में आठ, रोडवेज बस स्टैंड के रैन बसेरा में पांच, चौपुला के रैन बसेरे में चार लोग मिले, जबकि चार रैन बसेरों में 100 लोगों की व्यवस्था है। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स के निर्देश में रात में खुले में लेटे लोगों को रोडवेज बस स्टैंड और पटेल चौक स्थित रैन बसेरे में भेजा गया।

रैन बसेरे में इसलिए भी लोग कम लेटते हैं, क्योंकि वहां बीड़ी पीने पर पाबंदी है। वहीं, रात में अलाव जलने के दावे की सच्चाई पता की गई तो रोडवेज पर लोगों ने बताया कि यहां कम लकड़ी आ रही है। जितनी आती है वह 9-10 बजे तक खत्म हो जाती है। पटेल चौक पर भी लकड़ी नहीं आने की बात लोगों ने बताई है।
ये भी पढ़ें- बरेली: नौकरों के नाम पर भूमाफिया ने खरीदी करोड़ों की बेनामी संपत्ति
