सुलतानपुर: राम वनगमन मार्ग पर शुरू हुआ अतिक्रमण हटाने का अभियान
सुलतानपुर, अमृत विचार। 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हो गया है। बताया जाता है शहर के बीच से होकर गुजरी अयोध्या प्रयागराज हाइवे पर ही श्रीराम वनगमन मार्ग है। जिस पर से अतिक्रमण हटवाया जा रहा है। गुरुवार को डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना अपने पूरे प्रशासनिक अमले के साथ एक ही बस से शहर के प्रमुख मार्गो का निरीक्षण करने निकली थी।
रामवनगमन मार्ग पर हुए अतिक्रमण को हटाने का आदेश दिया था। शुक्रवार की सुबह एसडीएम सदर सीपी पाठक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका श्यामेंद्र मोहन और पीडब्ल्यूडी इंजीनियर सीडी मिश्र की मौजूदगी में पयागीपुर चौराहे से दरियापुर के बीच बुलडोजर चलना शुरू हो गया है।
इस मार्ग से अवैध गुमटियां और नगर पालिका का यात्री प्रतीक्षालय ढहाया जा रहा है । एसडीएम सदर सीपी पाठक ने कहा कि गोलाघाट तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। सभी नागरिक अतिक्रमण हटाओ अभियान में सहयोग करें। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस भी मुस्तैद है। अतिक्रमण करियो में हड़कंप मचा है।
