हल्द्वानी: 4 मीटर बेस अस्पताल और 4.5 मीटर तक टूटेगा स्टेडियम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रशासन, नगर निगम और लोनिवि मिलकर नैनीताल और बरेली रोड के चौड़ीकरण के लिए अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को बेस अस्पताल के मुख्य गेट की दीवार और स्टेडियम की दीवार पर भी लाल निशान लगा दिया गया है। इन सरकारी संपत्तियों के कुछ हिस्सों को तोड़ा जा सकता है। 

प्रशासन, नगर निगम और लोनिवि की ओर से शुक्रवार को भी अतिक्रमण का चिन्हीकरण किया गया। नैनीताल रोड पर रोडवेज स्टेशन के पास चिन्हीकरण किया गया। कुल 13 संपत्तियों पर लाल निशान लगाए गए। इसी क्रम में बेस अस्पताल पर 4 मीटर तक और मिनी स्टेडियम के नैनीताल रोड पर बने गेट की दीवार पर 4.5 मीटर तक लाल निशान लगा दिए गए हैं।

अगर अभियान चलाया गया तो इन सरकारी संपत्तियों को भी तोड़ा जाएगा। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि नैनीताल और बरेली रोड को 12-12 मीटर तक चौड़ा किया जाना है। जाम की समस्या से निपटने के लिए यह बहुत जरूरी है। बताया कि मंगलपड़ाव से लेकर रोडवेज बस अड्डे तक कुल 80 संपत्तियों का चिन्हित कर लिया गया है। इनमें राजकीय और निजी संपत्तियां शामिल हैं। खासतौर से कई व्यापारियों की दुकानें अतिक्रमण की जद में आ रहीं हैं। 

संबंधित समाचार