यूपी में रेल विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार,उत्तर रेलवे के नये डीआरएम देंगे गति
लखनऊ अमृत विचार । उत्तर प्रदेश में रेल परियोजनाओं और अयोध्या,वाराणसी,लखनऊ स्टेशनों पर चल रहे रेल विकास कार्यो को अब तेजी से रफ्तार मिलेगी। लंबित विकास कार्य तेजी से किये जायेंगे । रेलवे बोर्ड ने यूपी में रेल विकास कार्यो में गति देने के लिए शनिवार को उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के रेल प्रबंधक डॉ. मनीष थपल्याल को बदल दिया है अब उत्तर रेलवे के एस.एम. शर्मा नये डीआरएम बनाये गये हैं। नवनियुक्त मंडल रेल प्रबंधक ने पदभार भी ग्रहण कर लिया है।
रेलवे के जानकारों का कहना है कि आगामी चार महीने में लोक सभा चुनाव मिशन 2024 को देखते हुये नई जिम्मेदारी दी गयी है। जिसमे अयोध्या,वाराणसी समेत कई स्टेशनों को नया रुप दिया जायेगा । कार्यो में तेजी लाने के लिए नये अधिकारी को जिम्मेदारी दी गयी है। नये डीआरएम तेज तर्रार अधिकारी माने जाते हैं। वह पिछले कई वर्षो से रेलवे के महत्वपूर्ण कार्यो की जिम्मेदारी का निर्वहन कर चुके हैं।
इसके पहले आप 9 मार्च 2023 से दक्षिणी रेलवे के तिरुवनंतपुरम मंडल में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के पद पर कार्य कर रहे थे । इसके अतिरिक्त पूर्व में आपने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) में समूह महाप्रबंधक (मैकेनिकल) , मुख्य राजभाषा अधिकारी और हेवी हॉल इंस्टीट्यूट डीएफसीसीआईएल, नोएडा के डीन के अतिरिक्त प्रभार के साथ राष्ट्रीय भारतीय रेलवे अकादमी, वड़ोदरा में प्रबंधन में वरिष्ठ प्रोफेसर, रेलवे बोर्ड में निदेशक, ट्रैक्शन और उत्तर रेलवे में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य किया हैI
एस एम शर्मा भारतीय रेलवे मैकेनिकल इंजीनियर्स सेवा (आईआरएसएमई) 1991 बैच के अधिकारी हैं । भारतीय प्रबंधन संस्थान, कोझिकोड से रणनीतिक प्रबंधन में पीएचडी (पीटी) कर रहे हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद आपने मंडल के समस्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर मंडल में रेल से सम्बंधित प्रगतिशील विभिन्न विकास कार्यो परियोजनाओं की जानकारी ली और सुरक्षित,संरक्षित,समयबद्ध रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी ।
