Etawah: पकड़ी गईं 19 निजी एंबुलेंस, मरीजों को बरगला कर ले जाते थे प्राइवेट अस्पताल, आगे भी जारी रहेगा अभियान..
इटावा में प्रशासन ने अभियान चलाकर 19 निजी एंबुलेंस को सीज किया है।
इटावा में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के बाहर खड़ी होने वाली निजी एंबुलेंसों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की हैं। अभियान चलाकर 19 एंबुलेंस को बंद करके सीज किया है।
इटावा, अमृतविचार। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के बाहर खड़ी होने वाली निजी एंबुलेंसों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की हैं। अभियान चलाकर 19 एंबुलेंस को पकड़कर थाने में बंद कर सीज कर दिया है।
मालूम हो उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के आसपास 24 घंटे निजी एंबुलेंस लंबे समय से खड़ी हो रही थी। एंबुलेंस संचालकों द्वारा मरीज विश्वविद्यालय में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को गुमराह कर निजी अस्पतालों में पहुंचने की शिकायतें आए दिन मिलती थी। निजी एंबुलेंस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा भी कई बार जिला प्रशासन को पत्र भी लिखा जा चुके थे।

शनिवार को दोपहर बाद उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के गेट नंबर चार के पास खड़ी करीब आधा सैकड़ा निजी एंबुलेंस संचालकों के खिलाफ एसडीएम सैफई सुशांत श्रीवास्तव, एआरटीओ बृजेश यादव, तहसीलदार जावेद अंसारी, प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया, जहां करीब दो दर्जन से अधिक निजी एंबुलेंस को पकड़ कर थाने पहुंचाया।
प्रशासन ने करवाई इस तरह से की कि किसी को कोई कानों कान तक भनक नहीं और अचानक से गेट नंबर चार के पास टीम पहुंची और चारों तरफ से एंबुलेंस संचालकों को घेर कर पकड़ लिया, जिससे एंबुलेंस चालकों में हड़कंप मच गया। कई एंबुलेंस चालक गाड़ियां मौके पर छोड़कर भाग गए।
एसडीएम सुशांत श्रीवास्तव ने बताया संयुक्त टीम के साथ अभियान चलाया गया है जिसमें कुल 19 एंबुलेंस पकड़ी गई हैं। जिनमें सभी पर मानक पूरे नहीं है इसलिए उनको सीज कराया गया है।
पकड़ी गई गाड़ियों के मालिकों के बारे में भी पता कराया जा रहा है। यह गाड़ियां किस अस्पताल के नाम से संचालित हैं और यहां पर हर रोज कैसे खड़ी होती हैं। इसकी जांच कराई जाएगी। अभियान में आगरा, राजस्थान, हरियाणा,मध्य प्रदेश के नंबरों की गाड़ियां भी शामिल हैं। सभी की जांच के निर्देश दिए हैं। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
