बरेली: फिक्र की बात.. पश्चिम के 18 जिलों में टीबी रोगियों के मामले में जिला दूसरे स्थान पर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देश से 2025 तक टीबी का दंश का मिटाने का दावा, मगर हर साल बढ़ रहे रोगी

बरेली, अमृत विचार। देश से वर्ष 2025 तक टीबी का दंश मिटाने का दावा किया जा रहा है, इसकी रोकथाम के प्रयास किए जा रहे हैं, मगर जो आंकड़े आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं, हर साल टीबी रोगियों की संख्या बढ़ रही है। 2023 में पश्चिम के 18 जिलों में कुल 176699 टीबी रोगी चिह्नित किए गए हैं। ये मरीज निजी और सरकारी अस्पतालों में लक्षणों के आधार पर जांच करने पर टीबी से ग्रसित मिले हैं। रिजनल ट्यूबरक्लोसिस प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट की रिपोर्ट के अनुसार गत वर्ष जनवरी से दिसंबर तक इन 18 जिलों में सबसे अधिक 19153 टीबी रोगी गाजियाबाद जिले में सामने आए हैं, जबकि दूसरे पायदान पर बरेली है। यहां 18921 मरीजों में टीबी की पुष्टि हुई है।

इलाज के बाद 2022 में 99408 रोगी हुए स्वस्थ
यूनिट के अधिकारियों के अनुसार हर वर्ष टीबी रोगी चिह्नित करने के बाद उनका इलाज शुरू किया जाता है, लेकिन जिन मरीजों का इलाज पूर्ण हो जाता है, उनकी रिपोर्ट एक वर्ष के बाद शासन को भेजी जाती है। इलाज के बाद वर्ष 2022 में 99408 मरीज स्वस्थ हुए हैं। टीबी रोगी मिलने की तुलना में मरीजों के स्वस्थ होने का स्तर भी काफी तेजी से बढ़ रहा है।

2023 में किस जिले में कितने टीबी रोगी चिह्नित
बागपत में 3147, बिजनौर में 10690, बदायूं में 9970, बुलंदशहर में 11941, गौतम बुद्धनगर में 10971, हापुड़ में 3744, ज्योतिबाफुले नगर में 3539, मेरठ में 16206, मुरादाबाद में 14786, मुजफ्फरनगर में 8885, पीलीभीत में 4559, रामपुर में 8956, सहारनपुर में 12145, संभल में 5357, शाहजहांपुर में 10097, शामली में 3627 टीबी रोगी चिह्नित किए गए हैं।

854 टीमें घर-घर दे रहीं दस्तक
विभागीय अधिकारियों के अनुसार 18 जिलों में 854 टीमें घर-घर दस्तक देकर टीबी के लक्षणों वाले मरीजों की जांच कर रही हैं। इन टीमों के कार्य में संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं। वहीं टीबी से जंग जीत चुके चैंपियन और निक्षय मित्रों का भी सहयोग मिल रहा है।

राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत हर साल टीबी रोगियों को चिह्नित किया जाता है। चिह्नित मरीजों को त्वरित इलाज शुरू किया जा रहा है। कड़ी निगरानी भी की जा रही है-डॉ. एके चौधरी, नोडल अधिकारी, आरटीपीएमयू, बरेली

ये भी पढ़ें- बरेली: अगर फाल्ट हुआ तो बटन दबाते ही बंद हो जाएगी पूरे वार्ड की बिजली

संबंधित समाचार