पीलीभीत: नेशनल हाइवे पर रफ्तार का कहर, कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार दो की मौत
पीलीभीत/अमरिया, अमृत विचार: हाइवे पर वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। सितारगंज से काम निपटाकर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों की कंटेनर की टक्कर से मौत हो गई। एक ने मौके पर जबकि दूसरे को जिला अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषत कर दिया। शवों का रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।पुलिस मामले में कार्रवाई करने में जुट गई है। उधर, एक-एक कर दो मौतों की खबर के बाद परिवार में चीख पुकार मची रही।
अमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ेपुरा निवासी 30 वर्षीय तारिफ पुत्र इसरार अहमद शनिवार को काम के सिलसिले में बाइक से उत्तराखंड के सितारगंज गए थे। उनके साथ रिश्तेदार बरेली जिले के कस्बा नवाबगंज निवासी साबिर (35) पुत्र अब्दुल वहीद भी थे। देर शाम काम निपटाकर दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर आ रहे थे। बरेली हरिद्वार नेशनल हाइवे पर गांव के पास एक इंटर कॉलेज के करीब पहुंचते ही सामने से आ रहे कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में तारिफ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि साबिर गंभीर रुप से घायल हो गए थे। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में घायल को सीएचसी भिजवाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था।
वहां पहुंचने पर साबिर को भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलने पर दोनों के परिवार वाले भी पहुंच गए। सभी का रोकर बुरा हाल रहा। मृतक तारिफ के एक पुत्री है। उसकी मौत की खबर मिलने के बाद पत्नी सीमा बदहवास हो गई। परिजन उसे संभालने में जुटे रहे। दूसरे मृतक के परिजन का भी रोकर बुरा हाल रहा।
यह भी पढ़ें- श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन... मझोला से पूर्व चेयरमैन भी हुए थे गिरफ्तार, बोले- जेल में किए जाते थे राम भजन
