हल्द्वानी : उत्तराखंड की दीदी बनेंगी 'पायलट', उड़ाएंगी 'नमो ड्रोन'

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। ऋषिकेश एम्स के बाद भारत सरकार का 'नमो ड्रोन' हल्द्वानी, देहरादून और श्रीनगर में भी उड़ेगा। दुर्गम इलाकों से मरीजों के सैंपल लाने वाले इस 'नमो ड्रोन' की 'पायलट' यानि 'दीदी' होंगी। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार महिलाओं को प्रशिक्षण देगा। 

ऋषिकेश एम्स में ड्रोन प्रोजेक्ट के सफल परीक्षण के बाद अब हल्द्वानी राजकीय मेडिकल कॉलेज से इसका प्रयोग शुरू होने जा रहा है। इसके लिए तैयारियां जोरों से चल रही हैं। बताया जाता है कि ड्रोन को लगभग 2 से 3 तीन महिलाएं संचालित करेंगी। इन महिलाओं को 'नमो ड्रोन दीदी' का नाम दिया गया है।

ट्रायल के तौर जिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्रोन से सैंपल लाया और ब्लड भेजा जाएगा। वहां ड्रोन से सामग्री उतारना व उस पर सामग्री चढ़ाने का कार्य दीदी करेंगी। इसके लिए दीदियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। वहीं जैम पोर्टल से ड्रोन के लिए टेंडर करने की कार्यवाही शुरू हो गई है।

हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि ड्रोन की भार क्षमता लगभग 5 किलो या उससे अधिक होगी। ड्रोन और उसे संचालित करने वाली महिलाओं का सारा खर्च एनएचएम से मिलेगा। शुरूआत में ड्रोन को तीन माह के लिए ट्रायल के तौर पर डेली चार्ज पर लिया जाएगा। जिसका प्रत्येक डिलीवरी पर भुगतान किया जाएगा।

पुलिस और प्रशासन से ली जाएगी अनुमति
हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से 25 जनवरी को ड्रोन सैंपल लेने के लिए उड़ान भरेगा। ड्रोन उड़ाने से पहले पुलिस और प्रशासन से अनुमति दी जाएगी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन इस संबंध में पत्र तैयार करने में जुट गया है ताकि अनुमति मिलने के बाद ड्रोन सही तरीके से उड़ान भरकर अपने निश्चित स्थान पर पहुंच सके। क्योंकि जिले में कई स्थानों पर रेड जोन हैं जहां पर ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित है।

=25 को हल्द्वानी, दून व श्रीनगर से उड़ान भरेंगे ड्रोन=
आगामी 25 जनवरी को देश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में ट्रायल के रूप में एक साथ ड्रोन सुदूरवर्ती क्षेत्रों में दवा या ब्लड लेकर जाएंगे। उत्तराखंड के हल्द्वानी, देहरादून और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से ड्रोन एक साथ उड़ान भरेंगे। जो अपने-अपने चिन्हित सेंटरों तक दवा लेकर जाएंगे। हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से ड्रोन उड़ान भरेगा और कोटाबाग सीएचसी से मरीज का सैंपल लेकर आएगा।

संबंधित समाचार