Farrukhabad: ट्रेन से गिरा श्रमिक..मौत, सांसद मुकेश राजपूत ने हरी झंडी दिखा के किया था रवाना
फर्रुखाबाद में गोमती नगर एक्सप्रेस से गिरकर श्रमिक की मौत हो गई।
फर्रुखाबाद में गोमती नगर एक्सप्रेस से गिरकर श्रमिक की मौत हो गई। इस ट्रेन को शनिवार को देर रात सांसद मुकेश राजपूत ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया था।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। गोमती नगर लखनऊ-जयपुर एक्सप्रेस के क़ायमगंज में ठहराव के पहले दिन ही श्रमिक की ट्रेन से गिर कर मौत हो गई। इस ट्रेन को शनिवार को देर रात सांसद मुकेश राजपूत ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया था।
ट्रेन का ठहराव क़ायमगंज में जान कर कोतवाली कायमगंज के ग्राम इनायत नगर निवासी राकेश शाक्य पुत्र भूपेंद्र (22) जयपुर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचा। भूपेंद्र के साथ गांव के रामविलास का पुत्र सूरज व नानकराम का पुत्र सत्येंद्र उर्फ डेंजर जयपुर जा रहे थे। ये लोग कायमगंज रेलवे स्टेशन से करीब 100 फुट पूर्व की ओर अंधेरे में खड़े होकर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।

गोमती नगर एक्सप्रेस रात करीब 11 बजे क़ायमगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। सूरज व डेजर ट्रेन में सवार हो गए। भूपेंद्र साथियों को सामान पकड़वाने के बाद में ट्रेन पर सवार हो रहा था। उसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। भूपेंद्र के गिर जाने पर उसके साथी चलती ट्रेन से नीचे कूद पड़े। उन्होंने घटना की सूचना भूपेंद्र के परिजनों को दी। सूचना पर परिजन रोते बिलखते स्टेशन पहुंचे।
गोमती नगर एक्सप्रेस ट्रेन का पहले दिन ठहराव था जो मनहूस साबित हुआ है। ट्रेन के ठहराव पर व्यापारियों ने काफी खुशी जताई थी। भूपेंद्र चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह जयपुर में प्राइवेट नौकरी करता था। आम के सीजन में घर आया था।
जीआरपी ने पंचनामा भर के शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। इससे पहले भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर गोमती नगर एक्सप्रेस को जयपुर के लिए रवाना किया था।
इस दौरान बंसल गुट के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष उमेश गुप्ता नगर अध्यक्ष, जिला महामंत्री सत्यनारायन वर्मा ,विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष शिव बालक शर्मा आदी व्यापारी मौजूद रहे। इस ट्रेन के आने का समय 10.30 बजे है।
व्यापारी उमेश गुप्ता ने बताया कि ट्रेन रात 10.50 पर आई थी। उन्होंने बताया कि हम लोगों को रात में ट्रेन से गिरकर युवक के मर जाने की जानकारी नहीं मिली थी। आज सुबह घटना की जानकारी हुई है।
