रुद्रपुर: महिलाओं ने उड़ाए जेवर, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर, अमृत विचार। अज्ञात महिलाओं द्वारा ज्वैलर्स की दुकान से गहने चोरी करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला गहने देखने के बहाने दुकान में आई और मौका पाकर लाखों के गहने लेकर रफूचक्कर हो गई। पुलिस ने ज्वैलर्स स्वामी की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कमल कुमार कक्के ने बताया कि उसकी आर आर क्वाटर जेपीएस कलर लैब के समीप मां ज्वाला ज्वैलर्स की दुकान है। बताया कि 4 नवंबर 2023 को तीन अज्ञात महिलाएं दुकान में आई और गहने दिखाने की बात कहने लगी, जब महिलाओं के सामने सोने के आभूषणों के डिब्बे रखकर दिखाने शुरू किए। वैसे ही मौका पाकर सोने के गहने से भरा एक डिब्बा चुराकर महिलाएं मौके से फरार हो गई।
उन्होंने बताया कि जब गिनती की गई तो एक डिब्बा कम पाया गया और सीसीटीवी कैमरों में महिलाएं चोरी की वारदात को अंजाम देती हुई दिखाई दे रही थी। इसके बाद महिलाओं की काफी खोजबीन की गई। मगर अज्ञात महिलाओं का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उधर चौकी प्रभारी बाजार संदीप शर्मा ने बताया कि चोरी हुए जेवर लाखों के बताए गए हैं। पुलिस महिलाओं की सरगर्मी से तलाश कर रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
