गोंडा: विद्यालय निर्माण में मिली खामियां, बीएसए ने कार्यदायी संस्था सिडको को भेजी नोटिस, दी यह चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। मुजेहना ब्लॉक के बनगाई गांव में बन रहे सरकारी स्कूल की गुणवत्ता खराब मिली है। 24 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस स्कूल भवन में न तो बीम डाला गया है और न ही पिलर लगाया गया है। भवन के नींव की गहराई भी कम मिली है। डीसी निर्माण ने स्थलीय निरीक्षण के बाद 14 बिंदुओं वाली खामी रिपोर्ट बीएसए को भेजी थी। इस रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने कार्यदायी संस्था सिडको को नोटिस जारी किया है और निर्माण की गुणवत्ता सुधारने का निर्देश दिया है। चेतावनी भी दी है कि अगर गुणवत्ता खराब मिली तो भुगतान में कटौती कर ली जायेगी। 

जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 220 नए स्कूलों का निर्माण हो रहा है कार्यकारी संस्था सड़कों को स्कूल निर्माण की जिम्मेदारी मिली है लेकिन अधिकतर स्कूलों के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। सीडीओ से लेकर कई वरिष्ठ अधिकारी जांच के दौरान निर्माण में खामियों को पकड़ चुके हैं और कार्यदाई संस्था को चेतावनी दे चुके हैं। बावजूद इसके कार्य में सुधार नहीं हो रहा है।

मुजेहना के बनगाई बरुवार गांव में बन रहे उच्च प्राथमिक विद्यालय के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किए जाने की शिकायत गांव के ही वीरेंद्र प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी से की थी डीएम के निर्देश पर समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक निर्माण विद्याभूषण मिश्रा ने निर्माणाधीन स्कूल भवन का स्थलीय निरीक्षण किया तो निर्माण सामग्री की गुणवत्ता बेहद घटिया पायी गयी। 24 लाख रुपये की लागत वाले इस स्कूल के निर्माण में बीम व पिलर ही नहीं लगाया गया है। नींव की गहराई मानक से कम मिली। सील बैण्ड नहीं लगा मिला।

दरवाजे एवं खिड़कियों के जैम्ब नहीं लगे मिले। टी एवं एल बिन्दुओं पर पाकेट नहीं लगाया गया तथा स्टील छड़ थी नदारद मिली। कक्षा-कक्षों की दो दीवालों में लिंटल बैण्ड नहीं मिला। सामने वाली दिवाल में लिंटल वैण्ड की मोटाई सौ एमएम के सापेक्ष 75 एमएम पाई गयी। दरवाजों व खिड़कियों के ऊपर लिंटल 150 एमएम के सापेक्ष 100 मिला। बरामदे की छत लगी मिली लेकिन कार्य बंद पाया गया। सीमेंट मसाले में बालू का प्रयोग किया गया है, लेकिन सीमेंन्ट मसाला की गुणवत्ता अच्छी नहीं मिली। रोशनदान,बीम पिलर नहीं मिला। डीपीसी की ऊंचाई मानक से कम पायी गयी।

निरीक्षण में कुल 14 बिंदुओं पर खामियां मिली थी।  जिला समन्वयक ने इसकी रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी को दी थी। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए बीएसए प्रेमचंद यादव ने कार्यदय संस्था को नोटिस जारी कर निर्माण के गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए हैं। बीएसए ने चेतावनी दी कि अगर गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो भुगतान से कटौती कर ली जाएगी।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: 1008 कुश वाटिका में जप, रोजाना एक लाख लोग खाएंगे भंडारा, 14 से होगा श्रीगणेश

 

संबंधित समाचार