पीलीभीत: वाहो-वाहो गोविंद सिंह आपे गुरु आपे चेला... गुरु गोविंद सिंह के प्रकाशोत्सव पर निकला भव्य नगर कीर्तन
पंजाब की गतका पार्टी ने दिखाए हैरतअंगेज कारनामे, राज्यमंत्री, पूर्व सांसद ने भी नगर कीर्तन में पहुंचकर की सेवा
पीलीभीत, अमृत विचार। श्री गुरु गोविंद जी के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में शहर में रविवार को भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुद्वारा छेवीं पातशाही से शुरू हुआ नगर कीर्तन शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुन: गुरुद्वारे में पहुंचकर समाप्त हो गया। नगर कीर्तन में शामिल कविशरी एवं रागी जत्थों की गुरुवाणी से माहौल खालसामय हो गया। फूलों से सजी गुरू महाराज की पालकी आर्कषण का केंद्र रही। वहीं पंजाब से आई गतका पार्टी के हैरतअंगेज कारनामों ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। नगर कीर्तन में शहर समेत आसपास क्षेत्र की संगत ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शहर के मोहल्ला पंजाबियान स्थित गुरुद्वारे में श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में चार जनवरी से चार दिवसीय कार्यक्रम शुरू किया गया था। इस दौरान श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ हुआ। छह जनवरी को चल रहे श्री अखंड पाठ साहिब का भोग पड़ा। इस दौरान दीवान सजाया गया। गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी गुरमुख सिंह, हुजूरी रागी जत्था भाई गुरदीप सिंह और पंजाब से आए भाई कुलदीप सिंह खापड़खेड़ी ने गुरू की महिमा का बखान कर संगत को निहाल किया।
इधर, धार्मिक कार्यक्रम के अंतिम दिन रविवार को शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन को लेकर गुरुद्वारा छेवीं पातशाही में सुबह से संगत के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। गुरुद्वारा परिसर से सुबह करीब साढ़े दस बजे पंच प्यारों की अगुवाई में महान नगर कीर्तन की शुरुआत की गई। नगर कीर्तन बरेली गेट, लकड़ी मंडी, नौगवा चौराहा, उपाधि कॉलेज चौराहा, छतरी चौराहा, स्टेशन रोड, सुनगढ़ी तिराहा, गैस चौराहा, ड्रमंडगंज चौराहा, जेपी रोड होता हुआ देर शाम पुन: गुरुद्वारा छेवीं पातशाही पहुंचकर समाप्त हो गया। सबसे आगे पंजाब से आए दलेर खालसा इंटरनेशनल ग्रुप के सदस्य हैरतअंगेज कारनामे दिखाते चल रहे थे। उसके पीछे लुधियाना का पीएस खालसा बैंड प्रदर्शन करते चल रहा था।
इसके पीछे बड़ी संख्या में संगत सड़कों पर साफ सफाई करने के साथ फूलों की वर्षा करते चल रही थी। नगर कीर्तन में राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, उत्तराखंड के पूर्व सांसद बलराज पासी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, अमरिया ब्लाक प्रमुख निशान सिंह भी सेवा करते चल थे। पंच प्यारे और उसके पीछे फूलों से सजी गुरु महाराज की पालकी थी। गुरु महाराज की पालकी के पीछे रागी जत्थे व बड़ी संख्या में संगत गुरु की महिमा का बखान करते चल रही थी।
नगर कीर्तन में पंजाब से आए भाई कुलदीप सिंह खापड़खेड़ी, माला कॉलोनी के भाई स्वर्ण सिंह का कविशरी जत्था एवं गुरुद्वारा छेवीं पातशाही के भाई गुरमीत सिंह का रागी जत्था गुरवाणी के माध्यम से गुरु की महिमा का बखान किया। नगर कीर्तन का जगह-जगह पुष्प वर्षा का स्वागत किया गया। शहर में जगह-जगह नगर कीर्तन का स्वागत किया गया। सड़कों के किनारे लगाए गए स्टालों के माध्यम के माध्यम से राहगीरों और संगत के लिए खानपान की व्यवस्था की गई थी। नगर कीर्तन में प्रबंध कमेटी के सदस्य समेत शहर व आसपास क्षेत्र की संगत ने हिस्सा लिया।

सुक्खा बाबा की लंबाई देख सेल्फी लेने वालों की लगी होड़
नगर कीर्तन में पंजाब से आए दलेर खालसा इंटरनेशनल ग्रुप के सदस्यों के हैरतअंगेज प्रदर्शन को देख हर कोई हतप्रभ था, वहीं ग्रुप में शामिल साढ़े सात फिट लंबे सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खा बाबा सभी के आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। पंजाब के जिला फतेहगढ़ साहिब निवासी 35 वर्षीय सुखदेव की लंबाई देखकर हर कोई उनके साथ सेल्फी लेता दिख रहा था। नगर कीर्तन के दौरान उन्होंने भी कई हैरतअंगेज करतब दिखाए।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: पाइप लाइन तोड़ने वाली गैस कंपनी को नोटिस जारी, वसूला जाएगा जुर्माना
