बहराइच: दरवाजा खोलते ही घर में घुसे हथियार बंद बदमाश, तीन लाख की नकदी समेत आठ लाख का माल किया पार
बहराइच, अमृत विचार। जिले के पिपरिया महिपाल सिंह गांव निवासी एक दूध व्यवसाई के घर में आधी रात को हथियारबंद बदमाश घुस गए। सभी ने महिला उसके पति और पुत्र को अलग-अलग बंधक बना लिया। इसके बाद तीन लाख रूपये नगदी समेत 8 लाख से अधिक के संपत्ति की चोरी की। घटना की जानकारी मिलते ही रात में ही पुलिस पहुंच गई। हालांकि बदमाशों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के पिपरिया महिपाल सिंह गांव निवासी प्रमोद कुमार मौर्य दूध का व्यापार करते हैं। वह शहर में संचालित दो होटल पर दूध देते हैं। रामकला देवी पत्नी रामकेवल मौर्य शनिवार रात को अपने बेटे का इंतजार कर रही थी। बेटे प्रमोद के घर पहुंचने पर सभी ने साथ में बैठकर खाना खाया। रात 12:10 बजे महिला रामकला देवी पानी लेने के लिए घर में ही लगे दरवाजे को जैसे ही खोला, वैसे ही 7 से 8 की संख्या में हथियार बंद बदमाश घर के अंदर पहुंच गए।

बदमाशों ने महिला को घेर लिया। इसके बाद उसके पति राम केवल और पुत्र प्रमोद मौर्य को बंधक बनाया। इसके बाद सभी ने घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। राम केवल ने बताया कि तीन लाख रूपये नकदी, सोने चांदी के जेवरात, बर्तन समेत आठ लाख से अधिक की संपत्ति बदमाश उठा ले गए।
राम केवल ने बताया कि बदमाश कट्टा और कटर मशीन लिए हुए थे। कट्टा दिखाकर सभी को चुप करा दिया। इसके बाद चोरी करके सभी फरार हो गए। रात में ही रानीपुर थाने में सूचना दी गई। थानाध्यक्ष आरती वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने जांच किया। वहीं पीड़ित प्रमोद कुमार ने सात से आठ अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी हुई है। जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
आज ही जाना था लखनऊ
पिपरिया महिपाल सिंह गांव निवासी प्रमोद मौर्या ने बताया कि उनके पिता राम केवल की एक किडनी खराब है जबकि एक किडनी में पथरी है। इसके इलाज के लिए रविवार सुबह लखनऊ के लोहिया अस्पताल जाना था। इलाज और ऑपरेशन के लिए तीन लाख रूपये एकत्रित कर रखा था। लेकिन हथियार बंद बदमाश सभी रुपए लेकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: नोडल अधिकारी डॉ. पंकज मिश्रा के कद पर चली कार्रवाई की कैंची, सीएमओ ने दिखाई सख्ती, जानें वजह
