संभल : दूध से भरे टैंकर की टक्कर से कार सवार दो लोगों की मौत, एक गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अलीगढ़ जनपद के अतरौली से ईट भट्टा पर काम कर वापस लौट रहे थे मजदूर, मुरादाबाद आगरा हाईवे के गांव खजरा खाकम के निकट हुई दर्दनाक घटना

बहजोई(संभल), अमृत विचार। जनपद अलीगढ़ के अतरौली से ईट भट्टे पर काम करके कार में सवार होकर वापस लौट रहे तीन ग्रामीणों की कार में दूध से भरे टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीसरा गंभीर है। गंभीर घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

थाना बनियाठेर के गांव मोहम्मदपुर बाबई निवासी इश्तियाक अली अपने ही गांव के ही मिद्दन अली व नफीस के साथ अलीगढ़ जनपद के अतरौली में ईट भट्टे पर मजदूरी का काम करता था। इश्तियाक अली,मिद्दन अली व नफीस कार में सवार होकर अतरौली से वापस घर लौट रहे थे। देर रात  मुरादाबाद आगरा हाईवे स्थित गांव खजरा खाकम के निकट एक होटल के पास बहजोई की ओर से जा रहे दूध के टैंकर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टैंकर की जोरदार टक्कर से कार के  परखच्चे उड़ गए।

 कार में सवार तीनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर से गुजर रहे लोगों ने जब कार को दुर्घटनाग्रस्त देखा तो इसकी सूचना थाना पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सक ने इश्तियाक अली व मिद्दन अली को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीसरे घायल साथी नफीस की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल संभल रेफर कर दिया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है।

एक कार में दूध से भरे टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुउ जिनमें से दो की मृत्यु हुई है। तीसरे गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।- दीपक तिवारी, सीओ, बहजोई।

ये भी पढ़ें:- संभल : किसान गया था गन्ना बेचने, चीनी मिल में पड़ी मिली लाश...शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

संबंधित समाचार