किसान भाइयों तेज हवा के साथ बारिश होने वाली है...
छह तहसील में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन का होगा निर्माण, जिले के 14 ब्लॉक में आटोमैटिक रेन गेज की होगी स्थापना
बहराइच, अमृत विचार। अब जिले में बेमौसम भारी वर्षा, आंधी-तूफान व आकाशीय बिजली गिरने सहित अन्य आपदाओं से बचाव के लिए अब हर तहसील में एक-एक ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन बनाया जाएगा। इसके साथ ही हर ब्लॉक मुख्यालय पर दो-दो वर्षा मापी यंत्र भी लगेंगे। डीएम के निर्देश पर वेदर स्टेशन के निर्माण एवं वर्षा मापी यंत्र लगाने के लिए उपयुक्त स्थल की तलाश शुरू कर रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
तराई के बहराइच जनपद में प्रतिवर्ष
प्राकृतिक आपदाओं से काफी क्षति होती है। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान आकाशीय बिजली गिरने से होता है। इसकी चपेट में आने से हर साल कई लोगों की जान भी जाती है। इन मौसमी आपदाओं से निपटने और समय पूर्व प्रबंधन की कवायद शुरू करते हुए शासन ने अब मौसम की सटीक जानकारी के लिए जिला मुख्यालय सहित तहसील स्तर पर ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन (एडब्ल्यूएस) व ब्लॉक स्तर पर दो-दो वर्षा मापी यंत्र (एआरजी) की स्थापना का फैसला किया है।एडब्लूएस व एआरजी की स्थापना में करीब एक करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आएगा। प्रस्तावित मौसम केंद्र जिले के सदर तहसील, नानपारा मोतीपुर, पयागपुर, कैसरगंज व महसी तहसील परिसर में सौ वर्ग मीटर क्षेत्रफल में स्थापित होगा। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने बताया कि मौसम केंद्र के निर्माण कार्य के लिए शासन से बजट की स्वीकृति मिल गई है। इसका सबसे अधिक फायदा जिले के किसानों को मिलेगा। उनकी फसल को मौसमी आपाद से काफी हद तक बचाने में मदद भी मिलेगी।

चिन्हित हुई जमीन, शासन को भेजी रिपोर्ट
ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन की स्थापना के बाद तापमान, आर्द्रता, हवा के प्रवाह, दबाव, दिशा, गति व वर्षा आदि के बारे में हर 15 मिनट पर अपडेट व सटीक जानकारी मिल सकेगी। इसकी रिपोर्ट लखनऊ भेजी जाएगी। वहां से मौसम की सटीक जानकारी जिले के लोगों को मिल सकेगी। इसके साथ ही ब्लाकों में स्थापित एआरजी वर्षा की स्थिति, तापमान व आर्द्रता उपलब्ध कराएगा।
सुनील कुमार आपदा विशेषज्ञ

किसानों को होगा अधिक लाभ
जिले के सभी तहसील में स्वचालित मौसम केंद्र और ब्लॉकों में वर्षा मापी यंत्र की स्थापना होगी। शासन के निर्देश पर आपदा विशेषज्ञ ने सभी स्थानों पर जमीन चिन्हित कर ली है इसका निर्माण होने से किसानों को अधिक लाभ होगा क्योंकि आंधी पानी और बारिश की जानकारी उन्हें सही से पहले ही मिल जाएगी।
मोनिका रानी जिलाधिकारी
ये भी पढ़ें -आज अयोध्या आएंगे CM योगी, हनुमानगढ़ी में करेंगे दर्शन-पूजन
