भाजपा कार्यकर्ता से वसूली के मामले में सिपाही पर मुकदमा दर्ज, एसपी ने किया निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जलालपुर/ अंबेडकरनगर, अमृत विचार। भाजपा कार्यकर्ता को थाना में बैठकर 20 हजार रुपए की वसूली के मामले में पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर एक पुलिसकर्मी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने उसे निलंबित कर दिया है। मामला जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर कपलेश्वर गांव का है। 

बता दें कि तीन दिन पूर्व कोतवाली पुलिस ने रात गश्त के दौरान जीवत नर्सरी के पास दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया था उनके कब्जे से एक मोटर के साथ चोरी का उपकरण बरामद हुआ था इसी आधार पर पुलिस ने जगदीशपुर कपिलेश्वर निवासी भाजपा कार्यकर्ता धर्मेंद्र यादव को चोरी की मोटर खरीदने के आरोप में हिरासत में लिया था और थाने में तैनात सिपाही रानू यादव ने भाजपा कार्यकर्ता धर्मेंद्र यादव को छोडऩे के एवज में 20 हजार रुपए लिया। भाजपा कार्यकर्ता छुटने के बाद सीधे भाजपा कार्यालय अंबेडकरनगर पहुंचा और पूरी बात वहां पर बैठे भाजपा जिला अध्यक्ष त्रयंबक तिवारी और उपाध्यक्ष डॉ. रजनीश सिंह को बताया। दोनों नेता मंगलवार की रात अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने धर्मेंद्र यादव की तहरीर पर सिपाही रानू यादव के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। 

क्या है पूरा मामला 
तीन दिन पूर्व हंसवर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर मुसलमान निवासी मजीद खान की तीन हॉर्स पावर की बिजली मोटर चोरी हो गया था। मामले में हंसवर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। उसी रात को जलालपुर कोतवाली पुलिस ने हंसवर थाना के गोहिल निवासी अमरेश यादव और जगदीशपुर कपिलेश्वर के सोनू यादव को चोरी के समान के साथ कोतवाली क्षेत्र के जीवत नर्सरी के पास से संदिग्ध हालत में हिरासत में लिया था। पूछताछ में उक्त दोनों चोरों ने जगदीशपुर कपिलेश्वर निवासी भाजपा कार्यकर्ता धर्मेंद्र यादव चोरी की मोटर बेचे जाने की जानकारी दी। इतना ही नहीं दोनों चोरों के बताए जाने के अनुसार पुलिस ने तीन अन्य को हिरासत में लिया था। आरोप है कि रानू यादव के साथ अन्य सिपाही ने चोरी का सामान खरीदने वाले सभी आरोपियों को रुपया लेकर छोड़ दिया था। अब सवाल यह है कि जब इस प्रकरण में कई सिपाही और उपनिरीक्षक का नाम आया तो रानू यादव के ऊपर ही कार्यवाही क्यों की गई। जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। 

सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक 
मामले की सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय जलालपुर कोतवाली पहुंचे। उन्होंन भाजपा जिलाध्यक्ष से बात कर मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया। जिसके बाद पुलिसकर्मी रानू यादव के विरुद्ध कार्रवाई होने पर मामला शांत हुआ। 

ये भी पढ़ें -सौभाग्यशाली हूं कि संघर्ष से सफलता तक का साक्षी बना : पूर्व सांसद

संबंधित समाचार