Fatehpur News: रामलला प्राण प्रतिष्ठा से पहले बढ़ी धार्मिक पुस्तकों की बिक्री, राम चित्रों से बाजारों में रौनक...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में बीते एक माह में धार्मिक पुस्तकों की बिक्री बढ़ गई है।

फतेहपुर में बीते एक माह में रामायण और श्रीरामचरित मानस इत्यादि की बिक्री बढ़ गई है। लोगों का आध्यात्मिक रुझान बढ़ने से दुकानदार उत्साहित हैं।

फतेहपुर, अमृत विचार। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बाजार में रामायण और श्रीरामचरित मानस इुत्यादि ग्रंथों की बिक्री भी बढ़ गई है। कोरोना के दौरान धार्मिक पुस्तकों के स्वाध्याय में जो रुचि दिखी थी, वह अब राम जन्मभूमि का सपना साकार होने पर अधिक दिख रही है। लोगों का आध्यात्मिक रुझान बढ़ने से दुकानदार उत्साहित हैं। 

वह बताते हैं कि पिछले एक माह में जितनी बिक्री रामायण की हुई है वह पिछले डेढ़ वर्ष में भी नहीं हुई। लोग गिफ्ट में अब रामायण भेंट कर रहे हैं। जिले में दस दिन में ही रामायण की डिमांड तेजी से बढ़ी है।

अयोध्या में भव्य प्रभु राम मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद प्राण प्रतिष्ठा की घड़ी नजदीक आ रही है। राममय माहौल में रमें शहर में इन दिनों ग्रंथो की बिक्री का ग्राफ सबसे ऊपर है। प्राण प्रतिष्ठा के दिन मंदिर, घरों में रामायण आदि पाठ होंगे। जाहिर है कि मांग में भी तेजी आई है। गीता प्रेस प्रतिष्ठानों के अलावा बड़ी बुक स्टॉल पर रामायण जमकर बिक रही है। 

दुकानदार बताते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की तिथि निर्धारण बाद बिक्री में इजाफा हो गया है। एक माह में ही तीन सौ से अधिक रामायण बिक चुकी हैं। चौक स्थित एक बुक स्टोर के संचालक बताते हैं कि कोरोना के समय लॉक डाउन की लंबी अवधि में धार्मिक पुस्तकों की मांग में बढ़ोतरी हुई थी। 

अब प्राण प्रतिष्ठा की तिथि घोषित होने के बाद रामायण और रामचरित मानस ज्यादा बिक रहे हैं। पहले महीने में एक-दो प्रति बिक्री होती थी। अब रोज 10-15 रामायण की डिमांड है। धार्मिक पुस्तकें शॉर्ट पड़ रही है, प्रतियां और मंगवाने के लिए आर्डर दिए जाएंगे। 

इनकी मांग सबसे अधिक

बाजार में वाल्मीकि रामायण, श्रीरामचरित मानस, विष्णु पुराण, शिव पुराण, महामुनि शुकदेव की भागवत कथा, स्वामी रामसुख दास लिखित श्रीमद्भागवत गीता और महाभारत के ग्रंथों की बिक्री में वृद्धि हो गई है।

राम चित्रों से बाजार में रौनक

बाजार में प्रभु श्रीराम और राम दरबार के चित्रों की बिक्री भी तेज है। शहर के शादीपुर रेलवे स्टेशन रोड स्थित फोटो फ्रेमिंग की शॉप पर फिलहाल लोगों को श्रीराम के चित्र सबसे ज्यादा चाहिए। यहां फ्रेमिंग के लिए बड़े बड़े राम दरबार ऑर्डर पर दिए गए हैं।

घर-घर अक्षत देकर आमंत्रण

अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पूर्व पूजित अक्षत घर-घर पहुंचाने का अभियान के तहत टोलियां अपने अभियान पर निकलीं। घर-घर कुंडी खटखटाकर लोगों को अयोध्या से आए पूजित अक्षत निमंत्रण पत्रक एवं श्री राम मंदिर का चित्र भेंट कर आमंत्रित किया। विश्व हिन्दू परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष वीरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि अब तक करीब डेढ़ लाख से अधिक घरों में अक्षत वितरित किया जा चुका है। प्रतिदिन यह कार्य अनवरत जारी है। 

अयोध्या के साथ दोआबा में गूंजेगा जय श्रीराम

22 जनवरी को अयोध्या में अवध विहारी ठाठ-वाट के साथ विराजेंगे। वहीं दोआबा में भी उत्सवी माहौल होगा। मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान तो घरों में भी पूजन तैयारी है। यहीं नहीं शाम को घर-घर दीपोत्सव से महकेंगे। इसको लेकर बुधवार राम भक्तों ने प्राण प्रतिष्ठा दिवस को यादगार बनाने के लिए दीपावली पर्व से अधिक उत्साह रहेगा। लोगों को अवश्य दीप जलाने को प्रेरित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- Fatehpur News: विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, चरित्र पर संदेह के आरोप से थी परेशान, पति समेत चार पर मुकदमा दर्ज...

संबंधित समाचार