जरा ठहरो..! मुख्यमंत्री अभी जनसभा कर रहे हैं, मुख्यमंत्री के शहर में कार्यक्रमों के दौरान तमाम सड़कों पर लगा रहा जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में मुख्यमंत्री के कई कार्यक्रमों के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान लागू किया था लेकिन यह प्लान किसी काम नहीं आया। प्लान के तहत भारी वाहनों को शहर के बाहर से ही निकाला जाना था लेकिन वे शहर में घुस आए तो उन्हें बाहरी इलाकों में रोकना पड़ा।

इसके साथ सड़कों पर सामान्य यातायात भी रोका गया तो जाम लग गया और मुख्यमंत्री की वापसी होने तक हजारों लोग इसमें फंसे रहे। कई एंबुलेंस भी इस जाम में फंस गईं।

मुख्यमंत्री का हैलिकॉप्टर शुक्रवार दोपहर करीब 12: 51 बजे पुलिस लाइन ग्राउंड पर उतरा और पांच मिनट बाद उनका काफिला बरेली क्लब ग्राउंड के लिए रवाना हुआ। पुलिस अधिकारी सामान्य यातायात रोककर उन्हें ले गए लेकिन इसके बाद सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई।

इस जाम को खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस के साथ सिविल पुलिस के कर्मचारियों के भी पसीने छूट गए। कई एंबुलेंस भी काफी देर इस जाम में फंसी रहीं। चौकी चौराहे से गांधी उद्यान और सेटेलाइट तिराहे से इसाइयों की पुलिया तक सैकड़ों वाहन जहां के तहां खड़े रहे।

बरेली क्लब ग्राउंड पर जनसभा के बाद मुख्यमंत्री का काफिला निकला तो एक बार फिर सड़कों पर जाम लग गया। बरेली क्लब से सेटेलाइट तिराहे तक सड़क पर हर तरफ वाहनों की कतारें लगी नजर आईं। पुलिस की कोशिशों के बावजूद काफी देर तक लोग फंसे रहे।

काले कपड़े वालों को नहीं मिला प्रवेश, पुलिस रही तैनात
बरेली क्लब में मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले ही पुलिस पूरी तरह से अलर्ट रही। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल होने काले कपड़े पहन कर पहुंचे लोगों को सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने प्रवेश नहीं दिया। उक्त पुलिस कर्मियों ने काले कपड़े दिखा कर विरोध करने के आशंका से काले कपड़े वालों को प्रवेश नहीं दिया।

ये भी पढ़ें: बरेली: फोरलेन हों नाथ कॉरिडोर की सड़कें शास्त्रीय पद्धति से शिफ्ट करें मंदिर

संबंधित समाचार