Banda: बैडमिंटन में गोल्ड मेडल जीतकर अर्श ने फिर बढ़ाया जिले का मान, डच व जर्मन इंटरनेशनल टूर्नामेंट में लेंगे हिस्सा...
बांदा के मोहम्मद अर्श ने बैडमिंटन में गोल्ड मेडल जीता है।
बांदा के मोहम्मद अर्श ने बैडमिंटन में गोल्ड जीतकर एक और उपलब्धि हासिल की। वे राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं में कई मेडल जीत चुके हैं।
बांदा, अमृत विचार। बैडमिंटन में लगातार कीर्तिमान स्थापित कर रहे बांदा के लाल मोहम्मद अर्श ने एक और उपलब्धि हासिल कर जनपद को फिर से गौरवान्वित किया है। उन्होंने तेलांगना के हैदराबाद में आयोजित आल इंडिया अंडर-19 बैडमिंटन प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर जिले के नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार के साथ हार्पर क्लब पदाधिकारियों ने बधाई दी है।
शहर के बलखंडी नाका निवासी टेलर मास्टर अशफाक अहमद के बेटे मोहम्मद अर्श ने घर में पिता को खेलते देख खुद भी बैडमिंटन खेलना शुरू कर दिया था। उसका शौक और जुनून सिर चढ़कर बोल रहा है। हार्पर क्लब में उसने अपने कॅरियर की शुरूआत की। कोच अनवर अली ने उसे बैडमिंटन के गुर सिखाए। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन मैचों में अब तक गोल्ड, रजत और कांस्य पदक जीत चुके हैं।
तीन से 9 जनवरी को हैदराबाद में आयोजित आल इंडिया अंडर-19 बैडमिंटन टूनामेंट के युगल वर्ग में अपने पार्टनर दिव्यम अरोरा के साथ खेलकर टॉप रैकिंग निकोलस नाथन राज व तुषार सुबीर को संघर्षपूर्ण मैच में पराजित कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। यह उपलब्धि इस दृष्टि से और भी विशेष है कि अर्श एक बार फिर डच एवं जर्मन जूनियर इंटरनेशनल टूर्नामेंट में आयोजित होने वाली अंडर-19 विश्व चैपिंयनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व प्राप्त करने का अवसर प्राप्त होगा।
अर्श की इस सफलता पर उसके घर-परिवार में खुशियां हैं। हार्पर क्लब के बैडमिंटन कोच सैय्यद अनवर अली, बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव काजी जमीर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीरजध्वज सिंह, उपाध्यक्ष प्रमोद मिश्र राजोल, राजन पुरवार, आयोजन सचिव अरुण अवस्थी, हार्पर क्लब सचिव मनीष श्रीवास्तव, क्रीड़ा सचिव रामेंद्र शर्मा ने इस होनहार खिलाड़ी को शाबासी दी है।
