Farrukhabad News: उलियापुर मोड़ पर मजदूर का शव नाले में पड़ा मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में उलियापुर मोड़ पर मजदूर का शव नाले में पड़ा मिला।

फर्रुखाबाद में उलियापुर मोड़ पर मजदूर का शव नाले में पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को झब्बूपुर गांव के मजदूर का शव यहियापुर व उलियापुर मोड़ के नाले में पड़ा मिला। शव देखते ही आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार उनका बेटा एक दिन पहले घर से कहीं गया था। घटना की जानकारी पर सीओ समेत कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। 

घटना की जानकारी पर इंस्पेक्टर रामअवतार, मंडी चौकी प्रभारी केके कश्यप, कस्बा चौकी प्रभारी विद्या सागर तिवारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव को बाहर निकाला। उसके बाद तलाशी ली गई। उसके पास बीड़ी बंडल, माचिस, एक कागज में कुछ नंबर लिखे मिले। काफी देर तक पुलिस शव की शिनाख्त को लेकर मौके पररूकी रही । कुछ देर बाद ही सीओ सतेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने मृतक का फोटो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर शेयर किया। जहां झब्बूपुर गांव के एक ग्रामीण ने पहचान लिया और उसके घर सूचना दी। इस पर मृतक का पिता गिरंद सिंह पाल परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। जहां बेटे का शव देख गिरंद सिंह फफक पड़े। परिजन दहाड़े मार कर रोने लगे। पुलिस ने परिजनो से जानकारी की।

पिता ने बताया उसके पुत्र का नाम वीरेंद्र सिंह पाल (35) था। वह पुताई का कार्य करता था। इस समय वह शमसबाद एक कोल्ड स्टोर में पुताई का कार्य कर रहा था। गुरुवार की शाम को वह चला गया। तब से घर नहीं लौटा। परिजनों ने बताया कि रात में आसपास खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। आज जानकारी हुई उसका शव नाले में पड़ा है। मृतक के परिजनों ने बताया उसकी शादी नहीं हुई थी।

वीरेंद्र भाई सुरेंद्र व सतेंद्र से छोटा था। मृतक के पिता ने बताया उसका पुत्र शराब पीने का आदी था। सीओ ने बताया पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणो का पता चल सकेगा। गिरन्द सिंह ने बताया कि उसकी किसी से कोई रंजिश नही है। पता नही किसने उसके बेटे की हत्या कर दी।

शराब पिलाकर हत्या करने के कयास

वीरेंद्र के शव पर चोट के कई  निशान नजर आ रहे थे। जिससे समझा जाता है कि पहले उसे शराब पिलाई गई बाद में हत्या करके शव नाले में फेंक दिया गया। पुलिस कई बिंदुओं पर विवेचना में जुट गई है। फिल हाल परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नही दी गई है।

ये भी पढ़ें- Kanpur: NSI का 51वां दीक्षांत समारोह, मेडल पाकर भावुक हुए मेधावी, किसान के बेटे ने चार मेडल किए हासिल




संबंधित समाचार

टॉप न्यूज